सीवान में जाली नोटों के कारोबार का भंडाफोड़, मशीन समेत भारी मात्रा में नकली नोट बरामद
सीवान, 11 जुलाई (हि.स.)। बिहार में सीवान जिले में नकली नोटों के कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
शुक्रवार देर रात मैरवा थाना क्षेत्र के पंडितपुरा गांव में छापेमारी कर पुलिस ने कथित रूप से जाली नोट छापने के एक ठिकाने का भंडाफोड़ किया।
कार्रवाई के दौरान जाली नोट छापने की मशीन, प्रिंटिंग से जुड़े उपकरण, नकली नोट बनाने में प्रयुक्त सामग्री तथा बड़ी मात्रा में छपे हुए कथित जाली नोट बरामद किए गए। पुलिस ने एक महिला और एक पुरुष को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, काफी समय से पंडितपुरा गांव में जाली नोट छापे जाने की गुप्त सूचना मिल रही थी। सूचना के सत्यापन के बाद शुक्रवार देर रात पुलिस टीम ने छापेमारी की। मौके से मिले सामान को जब्त कर लिया गया है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।
हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने जिले के कई अन्य स्थानों पर भी दबिश दी। आशंका है कि यह एक संगठित गिरोह है, जिसके तार जिले के बाहर तक जुड़े हो सकते हैं। पुलिस इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, बरामद कथित नकली नोटों की संख्या और कुल कीमत का आकलन किया जा रहा है। जब्त प्रिंटिंग मशीन, उपकरण और अन्य सामग्री की तकनीकी जांच भी कराई जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नकली नोट किस तकनीक से तैयार किए जा रहे थे और उन्हें कहां-कहां खपाया जाता था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस फिलहाल आधिकारिक तौर पर अधिक जानकारी साझा नहीं कर रही है। पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने भी जांच पूरी होने तक कोई टिप्पणी करने से परहेज किया है।
अधिकारियों का कहना है कि जांच प्रभावित न हो, इसलिए कई महत्वपूर्ण जानकारियां अभी सार्वजनिक नहीं की जा रही हैं।
पुलिस का मानना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस गिरोह से जुड़े कई और अहम खुलासे हो सकते हैं।
फिलहाल बरामद सामग्री की फॉरेंसिक और तकनीकी जांच के साथ हिरासत में लिए गए दोनों लोगों से पूछताछ जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

