home page

पुरानी दिल्ली से जयपुर आया 3.45 लाख का नकली नोटों का जखीरा

 | 
पुरानी दिल्ली से जयपुर आया 3.45 लाख का नकली नोटों का जखीरा


पुरानी दिल्ली से जयपुर आया 3.45 लाख का नकली नोटों का जखीरा


जयपुर, 26 अक्टूबर (हि.स.)। दीपावली के त्योहार और पंचायतराज चुनावों के दौरान बाजार में नकली नोट खपाने की तैयारी का मामला सामने आया है। जिसके चलते जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की क्राइम स्पेशल टीम (सीएसटी) ने भट्टाबस्ती थाना क्षेत्र में कार्रवाई कर 3 लाख 45 हजार रुपए मूल्य के नकली नोट बरामद किए हैं। पुलिस ने नाहरी का नाका स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी शाहवाज खान (33) को पकड़ा है। आरोपित के कब्जे से 500-500 रुपये के नकली नोट मिले हैं। उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए भट्टाबस्ती थाना पुलिस को सौंप दिया गया है, जहां मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

स्पेशल पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश के अनुसार एनडीपीएस यूनिट से मिली सूचना के आधार पर सीएसटी ने कार्रवाई की। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित ने नकली नोट पुरानी दिल्ली में जामा मस्जिद के आसपास के क्षेत्र से लाने की बात कही है। वह इन्हें दीपावली के त्योहार के दौरान जयपुर के बाजार में खपाने की तैयारी में था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली नोटों की आपूर्ति करने और उन्हें बाजार में चलाने के नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पूछताछ में आरोपित ने एक लाख रुपये की असली मुद्रा के बदले तीन लाख रुपये के नकली नोट देने की बात भी बताई है। पुलिस इस कथित सौदे और नकली मुद्रा की आपूर्ति से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपित पंचायतराज चुनाव और त्योहारों के दौरान बाजार में नकली नोट चलाने की तैयारी में था।

स्पेशल पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश ने बताया कि बरामद नोट पहली नजर में असली जैसे दिखाई देते हैं, जिससे सामान्य व्यक्ति के लिए उनकी पहचान करना मुश्किल हो सकता है। हालांकि ध्यान से देखने पर कागज और छपाई की गुणवत्ता में अंतर नजर आता है। पुलिस की जांच में बरामद नोटों में से एक पर ऊपर और नीचे दो अलग-अलग सीरियल नंबर अंकित मिले। इससे नोट के नकली होने की पुष्टि करने में मदद मिली। पुलिस नकली मुद्रा के स्रोत, स्थानीय संपर्कों और बाजार में इसे खपाने की संभावित योजना की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार नकली नोटों के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई उप निरीक्षक प्रकाश वीर, हेड कांस्टेबल मरगूब और रामकिशन तथा कांस्टेबल ललित कुमार, रामदयाल, बबलू कृष्ण और भंवर सिंह शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश