home page

फर्जी जाति प्रमाणपत्र बनवाने वाला आरोपित गिरफ्तार

 | 
फर्जी जाति प्रमाणपत्र बनवाने वाला आरोपित गिरफ्तार


प्रयागराज, 26 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में बहरिया थाने की पुलिस टीम ने रविवार को कूटरचित दस्तावेजों के जरिए अनुसूचित जाति का प्रमाणपत्र बनवाने के मामले में फरार आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार कर रहा था।

पुलिस के अनुसार इसके खिलाफ बहरिया थाने में इस वर्ष धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

डीसीपी गंगानगर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित प्रयागराज के बहरिया थाना क्षेत्र के सिलोरा गांव निवासी बलवन्त कुमार धुरिया है ।

क्या है मामला

जांच में सामने आया कि आरोपी पिछड़ी जाति का होने के बावजूद अनुसूचित जाति का प्रमाणपत्र बनवाने के लिए कूटरचित दस्तावेज तैयार कर रहा था। इस संबंध में मिली तहरीर के आधार पर बहरिया थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।

आपराधिक इतिहास

पुलिस के मुताबिक, आरोपित के खिलाफ मारपीट, धमकी और एससी एवं एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं।

डीसीपी गंगानगर का बयान

पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि, “फर्जी दस्तावेज तैयार कर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की विधिक प्रक्रिया अपनाई जा रही है।”

पुलिस टीम की भूमिका

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष मानवेन्द्र कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अनुराग शर्मा और हेड कांस्टेबल अरविंद कुमार सिंह की अहम भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल