सीवान में पुलिस’ बनकर वृद्ध महिला से लाखों के जेवर उड़ाए
सीवान, 21 अप्रैल (हि.स.)।
सीवान में अपराधियों का दुस्साहस लगातार बढ़ता जा रहा है। अब ठगों ने लोगों को लूटने के लिए नया और बेहद खतरनाक तरीका अपना लिया है,खुद को पुलिसकर्मी बताकर सीधे वारदात को अंजाम देना। ताजा मामला नगर थाना क्षेत्र के रामनगर का है, जहां मंगलवार सुबह एक वृद्ध महिला को शातिर ठगों ने अपना निशाना बना लिया।
जानकारी के मुताबिक, रामनगर निवासी स्वर्गीय प्रेम सागर सिंह की पत्नी कुसुम देवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर लौट रही थीं। इसी दौरान लक्ष्मी नर्सिंग होम के पीछे गली नंबर-2 में पहले से घात लगाए तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया। खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए उन्होंने महिला को “चेकिंग” का डर दिखाया। पुलिस का नाम सुनते ही वृद्ध महिला घबरा गईं और अपने गले का सोने का चेन और हाथ के कंगन दिखाने लगीं।
यही उनकी सबसे बड़ी भूल साबित हुई। ठगों ने बेहद सफाई से महिला के हाथ से चार कंगन और गले का चेन उतार लिया और बदले में नकली कांच की चूड़ियां थमा दीं। “सुरक्षित रखने” का झांसा देकर तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घर पहुंचने पर जब बहू ने चूड़ियां देखीं, तब पूरी सच्चाई सामने आई और महिला के होश उड़ गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। नगर थाना इंस्पेक्टर अविनाश कुमार ने बताया कि पूरी वारदात पास के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
यह घटना साफ संकेत देती है कि अपराधी अब नए और चालाक तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति, चाहे वह खुद को पुलिस ही क्यों न बताए, उसे बिना पहचान के कीमती सामान न सौंपें। सतर्क रहें, सुरक्षित रहें,यही इस समय की सबसे बड़ी जरूरत है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

