फर्जी दस्तावेज बनाने वाले गिरोह का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
सुपौल, 14 सितंबर (हि.स.)।
साइबर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुपौल पुलिस ने फर्जी दस्तावेज बनाने वाले गिरोह का खुलासा किया है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से फर्जी दस्तावेज तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य सामान बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर 2026 को मरौना थाना क्षेत्र के एक कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से अवैध तरीके से आधार कार्ड, निवास प्रमाण-पत्र, जन्म प्रमाण-पत्र समेत अन्य फर्जी दस्तावेज तैयार किए जाने तथा लाभुकों से मनमाने तरीके से राशि वसूले जाने की गुप्त सूचना मिली थी।
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक सुपौल के निर्देश पर साइबर थाना की टीम ने मरौना स्थित संजीव कॉमन सर्विस सेंटर, भलुआही और अजय डिजिटल स्टूडियो, भलुआही में छापेमारी की। तलाशी के दौरान 5 लैपटॉप, 1 डमी रबर/सिलिकॉन फिंगर प्रिंट, 1 आईरिस स्कैनर, 2 पेन ड्राइव और 1 फिंगर स्कैनर सहित भारी मात्रा में ब्लैंक जन्म प्रमाण-पत्र, आधार इनरोलमेंट किए हुए फॉर्म और अन्य फर्जी दस्तावेज बरामद किए गए।
मामले में सुमेष कुमार, निवासी कुशमौल, मरौना थाना क्षेत्र और अजय कुमार सिंह, निवासी कुसौर, मधुबनी जिले को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ साइबर थाना सुपौल में मामला दर्ज कर लिया है। मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आगे भी छापेमारी जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

