home page

मुहर्रम जुलूस में बंदूक लहराने का वायरल वीडियो निकला फर्जी, लकड़ी की नकली बंदूक बरामद

 | 
मुहर्रम जुलूस में बंदूक लहराने का वायरल वीडियो निकला फर्जी, लकड़ी की नकली बंदूक बरामद


सुपौल, 30 जून (हि.स.)।

जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गणपतगंज हाता टोला में मुहर्रम जुलूस के दौरान एक युवक द्वारा बंदूक लहराने का सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो जांच में फर्जी निकला।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान कर उसके घर से लकड़ी की बनी एक नकली बंदूक बरामद की है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि 25 जून 2026 को राघोपुर प्रखंड में मुहर्रम का जुलूस निकाला गया था। इसके अगले दिन 26 जून को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें काला शर्ट और नीली जींस पहने एक युवक गणपतगंज से राघोपुर जाने वाली मुख्य सड़क पर हाता टोला के समीप जुलूस के दौरान हथियार लहराते हुए दिखाई दे रहा था।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया। पुलिस ने वरीय अधिकारियों को इसकी जानकारी देते हुए सनहा संख्या-773/26 दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के क्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, चौकीदारों और ग्रामीणों की मदद से वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान की गई।

सत्यापन के बाद 28 जून को युवक की पहचान गणपतगंज हाता टोला वार्ड संख्या-04 निवासी मोहम्मद जमालुद्दीन अंसारी के 21 वर्षीय पुत्र मोहम्मद नजीर के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो से क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल उत्पन्न हो गया था।थानाध्यक्ष ने कहा कि किसी भी धार्मिक जुलूस में हथियार का प्रदर्शन करना और प्रशासनिक निर्देशों का उल्लंघन करना संज्ञेय अपराध है।

इसी आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा-223 और आर्म्स एक्ट की धारा-25 के तहत मामला दर्ज किया गया है।रविवार रात पुलिस ने आरोपी के घर पर छापेमारी की, जहां से वीडियो में दिखाई देने वाली बंदूक जैसी वस्तु बरामद की गई। जांच में स्पष्ट हुआ कि वह कोई वास्तविक आग्नेयास्त्र नहीं, बल्कि लकड़ी से बनी एक नकली बंदूक थी। पुलिस ने बताया कि बरामद वस्तु और वायरल वीडियो में दिख रही बंदूक एक जैसी प्रतीत होती है।

पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि धार्मिक और सार्वजनिक आयोजनों में कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों से दूर रहें तथा सोशल मीडिया पर वायरल सामग्री को जिम्मेदारी के साथ साझा करें।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र