फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश, सरगना सहित तीन गिरफ्तार
नोएडा, 16 जुलाई (हि.स.)। थाना सेक्टर 63 पुलिस ने विभिन्न क्षेत्रों में व्यापार करने वाले लोगों, उद्यमियों को फोन करके ऑनलाइन मार्केटिंग व खरीदार उपलब्ध करवाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कॉल सेंटर के संचालक सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
अपर पुलिस उपायुक्त स्वतंत्र कुमार सिंह ने गुरुवार काे बताया कि थाना सेक्टर 63 पुलिस को एक महिला ने शिकायत की थी कि कुछ लोग यहां के व्यापारी और उद्यमियों को फोन करके संपर्क करते हैं, तथा ऑनलाइन मार्केटिंग व खरीदार उपलब्ध कराने का झांसा देकर फर्जी सर्टिफिकेट देकर लोगों से धोखाधड़ी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस जांच कर रही थी। उन्होंने बताया कि आज पुलिस ने एक सूचना के आधार पर सेक्टर 63 में चल रहे अवैध कॉल सेंटर का पर्दाफाश करते हुए मौके से रणवीर सिंह पुत्र युवराज सिंह निवासी इंदिरापुरम गाजियाबाद, ललित कुमार पुत्र ओमप्रकाश निवासी सेक्टर 49 नोएडा तथा ज्योति पत्नी रणवीर सिंह निवासी इंदिरापुरम गाजियाबाद को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि ये लोग विभिन्न क्षेत्र में काम करने वाले उद्योगपतियों, व्यापारियों से संपर्क कर उन्हे ऑनलाइन मार्केटिंग और खरीदार उपलब्ध करवाने का झांसा देकर लाखों की ठगी करते हैं। उन्होंने बताया कि इनके पास से पुलिस ने 39 स्मार्टफोन, 9 कीपैड मोबाइल फोन, 10 लैपटॉप, 36 सीपीयू , 32 सिम कार्ड तथा विभिन्न टैक्स इनवॉइस एवं अन्य दस्तावेज बरामद किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

