फर्जी बैंक अकाउंट रैकेट का भंडाफोड़, तीन आरोपित गिरफ्तार
सिलीगुड़ी, 08 अगस्त (हि.स.)। गरीब और जरूरतमंद लोगों को झांसा देकर उनके दस्तावेज हासिल कर फर्जी बैंक अकाउंट खोलकर बड़े पैमाने पर वित्तीय धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का सिलीगुड़ी थाने की पुलिस ने पर्दाफाश किया है। बीती रात शहर के व्यस्त एसएफ रोड इलाके में छापेमारी कर इस रैकेट से जुड़े तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपितों के नाम चंद्रशेखर दास, सोनू कुमार महतो और पृथ्वीराज घोष है।शनिवार को गिरफ्तार आरोपितों को सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें सात दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह सिलीगुड़ी और आसपास के क्षेत्रों के गरीब व असहाय लोगों को निशाना बनाता था। उन्हें लालच देकर या भ्रमित कर उनके पैन कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज जुटाए जाते थे।इन दस्तावेजों को गिरोह के मास्टरमाइंड के पास भेजा जाता था, जहां उनका इस्तेमाल कर सरकारी और निजी बैंकों में कई फर्जी खाते खोले जाते थे। बाद में इन्हीं खातों के जरिए करोड़ों रुपये के लेनदेन और ठगी को अंजाम दिया जाता था।शहर में इस तरह की ठगी की लगातार शिकायतें मिलने के बाद सिलीगुड़ी थाना की एंटी क्राइम विंग ने स्वतः संज्ञान लेते हुए (सुओ मोटू) मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
गोपनीय सूचना के आधार पर शुक्रवार रात को एसएफ रोड पर अभियान चलाकर चंद्रशेखर दास, सोनू कुमार महतो और पृथ्वीराज घोष गिरफ्तार किया।प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ये तीनों आरोपित गिरोह के लिए फील्ड लेवल पर काम करते थे और अलग-अलग इलाकों से लोगों के दस्तावेज इकट्ठा करने की जिम्मेदारी संभालते थे।पुलिस रिमांड में लेकर आरोपितों से पूछताछ की जा रही है, ताकि गिरोह के मुख्य सरगना और इस धोखाधड़ी में शामिल अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

