अम्बिकापुर में रुहानी ताकतों के नाम पर लाखों की ठगी, फर्जी बाबा नौशाद अली गिरफ्तार
अम्बिकापुर, 25 नवंबर (हि.स.)। सरगुजा जिले के अम्बिकापुर शहर के रसूलपुर में बाबे शिफा के नाम पर अवैध धंधा चला रहे फर्जी बाबा को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित उत्तर प्रदेश के चांदा सुल्तानपुर का रहने वाला नौशाद अली है। वह खुद को रुहानी ताकतों का मालिक और खुदा का मसीहा बताता था। उसका दावा था कि वह निःसंतानों को संतान दे सकता है, बीमारियां ठीक कर सकता है और रुहानी ताकतों से पैदा हुई समस्याओं को जादू-टोने से दूर कर सकता है। उसके झांसे में आकर शहर और आसपास के लोगों ने लाखों रुपए गंवा दिए। आरोपित की ओर से अब तक करीब 40 लाख रुपये की ठगी की बात भी कही जा रही है।
मामले की शुरुआत तब हुई, जब मोमिनपुरा निवासी यासिर अंसारी ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। यासिर की अग्रसेन चौक के पास जूते-चप्पल की दुकान है। उन्हें पता चला था कि रसूलपुर निवासी दीपक खान के घर उत्तर प्रदेश से सूफी सईद बाबा आए हैं, जिनका असली नाम नौशाद अली है। बताया गया कि वे बीमारी ठीक करने के साथ जादू-टोने से लोगों की परेशानियां भी दूर करते हैं। दीपक खान के जिस घर में यह कथित धंधा चल रहा था, उसे बाबे शिफा नाम दिया गया था। शिकायत के मुताबिक कथित बाबा ने यासिर को अपने जाल में फंसाकर 75 हजार रुपये ले लिए। इसके अलावा मोमिनपुरा के दर्जनों लोगों और बैकुंठपुर निवासी बाबा खान से भी लाखों रुपये की धोखाधड़ी की गई।
कोतवाली में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, ठगी के शिकार लोगों में बैकुंठपुर के बाबा खान से करीब 9 लाख रुपए, रसूलपुर निवासी शाहिद से 4 लाख रुपये, आदिल से 10 हजार रुपये, तथा शोएब अख्तर, समीर सिद्दीकी और लारेब अहमद से 20-20 हजार रुपये ऐंठे गए। आरोप है कि इनके अलावा कई अन्य लोग भी आरोपित के शिकार बने। पीड़ितों ने फोन पे समेत अन्य ऑनलाइन माध्यमों से रकम दी थी और उसके स्क्रीनशॉट पुलिस को उपलब्ध कराए हैं।
ठगी का शिकार हुए लोगों ने मंगलवार की रात कोतवाली पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। बाबा की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बड़ी संख्या में लोग कोतवाली पहुंचे और आरोपित के निवास का घेराव भी किया। हंगामे की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। इसी बीच पुलिस ने नौशाद अली, पिता निसार अली, के खिलाफ बीएनएस की धारा 18(4) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

