home page

एटीएम में फर्जी हेल्पलाइन नंबर लगाकर ठगी, बिहार गैंग का सदस्य असम से गिरफ्तार

 | 
एटीएम में फर्जी हेल्पलाइन नंबर लगाकर ठगी, बिहार गैंग का सदस्य असम से गिरफ्तार


सिलीगुड़ी, 07 अगस्त (हि. स.)। एटीएम काउंटर पर फर्जी हेल्पलाइन नंबर चिपकाकर लोगों को ठगने वाले गिरोह के खिलाफ माटीगाड़ा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर इस कुख्यात ‘बिहार गैंग’ के एक सदस्य को असम से गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान सुमित कुमार के रूप में हुई है, जो बिहार के नालंदा जिले के राजगीर का निवासी है। उसे शुक्रवार को सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया जाएगा।

पुलिस के अनुसार, बीते महीने शिवमंदिर इलाके के एक एटीएम में ठगी की घटना सामने आई थी। पीड़ित व्यक्ति ने एटीएम से पांच हजार रुपये निकाले, लेकिन कार्ड मशीन में फंस गया। उसी दौरान एक अजनबी व्यक्ति वहां आया और उसे दीवार पर लगे हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करने की सलाह दी।

पीड़ित ने जैसे ही उस नंबर पर फोन किया, उसे मदद के नाम पर झांसा दिया गया। इसी बीच आरोपित ने मौके का फायदा उठाकर पीड़ित के खाते से आठ हजार रुपये और निकाल लिए। कुछ देर बाद मोबाइल पर मैसेज आने पर पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ और उसने माटीगाड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसी तरीके से इलाके में एक और वारदात को अंजाम दिया गया था।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इसके पीछे बिहार का एक संगठित गिरोह सक्रिय है। मोबाइल टावर लोकेशन ट्रेस कर पुलिस ने असम से आरोपित को गुरुवार को धर दबोचा। जिसके बाद ट्रांजिट रिमांड पर लेकर शुक्रवार को सिलीगुड़ी पहुंची। आज आरोपित को सिलीगुड़ी अदलात में पेश कर रिमांड पर लेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार