home page

कुर्साकांटा में अवैध रूप से आधार कार्ड बनाने वाले दो गिरफ्तार

 | 
कुर्साकांटा में अवैध रूप से आधार कार्ड बनाने वाले दो गिरफ्तार


अररिया 21 मई(हि.स.)।

जिले की कुर्साकांटा थाना पुलिस ने गुरुवार को अवैध रूप से संचालित किए जा रहे फर्जी आधार कार्ड निर्माण केंद्र का भंडाफोड़ किया है।पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर गिरोह के दो मुख्य ऑपरेटरों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई के बाद से फर्जी दस्तावेज बनाने वाले सिंडिकेट में हड़कंप मच गया है।

अवैध केंद्र के खुलासे को लेकर सदर एसडीपीओ सुशील कुमार्ग और कुर्साकांटा थानाध्यक्ष रोहित कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बाड़ी टोला वार्ड संख्या 05 स्थित एक घर में बिना किसी सरकारी अनुमति के, बाईपास सिस्टम के जरिए अवैध रूप से आधार कार्ड बनाया जा रहा है।सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने चिन्हित ठिकाने पर छापेमारी की तो पुलिस की गाड़ियों को दरवाजे पर देखते ही भीतर फर्जी कार्ड बना रहे दोनों ऑपरेटर कमरे की खिड़की फांदकर भागने लगे।जिसे पुलिस बल ने घेराबंदी करते हुए दोनों आरोपियों को खदेड़कर दबोच लिया।

पुलिस अभिरक्षा में लिए गए दोनों आरोपियों में कुर्साकांटा के बाड़ी टोला के मो आरिफ पिता मो अयूब और कुर्साकांटा वार्ड संख्या दस के मो. आबिद पिता कलरू उर्फ रकीमुद्दीन है। तलाशी के दौरान पुलिस ने अवैध केंद्र से भारी मात्रा में तकनीकी सामग्रियां बरामद की हैं, जिनका उपयोग फर्जी कार्ड बनाने में किया जा रहा था। जब्त सामानों में एक आधुनिक लैपटॉप, एक हाई-टेक आई स्कैनर, एक प्रिंटर और कई संदिग्ध दस्तावेज शामिल हैं।

मामले की संवेदनशीलता और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े इस बड़े सिंडिकेट का पता चलते हीं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार गुरुवार को खुद कुर्साकांटा थाना पहुंचे। उन्होंने दोनों धंधेबाजों से बंद कमरे में घंटों सघन पूछताछ की।इसके साथ ही, मामले के तार अंतरराष्ट्रीय या अंतर-जिला गिरोह से जुड़े होने की आशंका को देखते हुए स्पेशल ब्रांच की विशेष टीम भी कुर्साकांटा थाना पहुंची और जांच-पड़ताल की। अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के दौरान गिरोह के काम करने के तौर-तरीकों को लेकर कई चौंकाने वाले राज सामने आए हैं, जिन्हें अनुसंधान की गोपनीयता के मद्देनजर फिलहाल गुप्त रखा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर