home page

बांदा : खुद को दोषमुक्त दिखाने के लिए पुलिसकर्मी ने बनाया फर्जी अदालती आदेश, गिरफ्तार

 | 
बांदा : खुद को दोषमुक्त दिखाने के लिए पुलिसकर्मी ने बनाया फर्जी अदालती आदेश, गिरफ्तार


बांदा, 24 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में कानून के रखवाले ने ही कानून को धोखा देने का ऐसा प्रयास किया कि पुलिस विभाग भी हैरान रह गया। अपने खिलाफ दर्ज मुकदमे से बचने के लिए एक पुलिसकर्मी ने न्यायालय का फर्जी दोषमुक्ति आदेश तैयार कर लिया और उसे पुलिस विभाग में प्रस्तुत कर दिया। जांच में आदेश कूटरचित पाए जाने के बाद दर्ज मुकदमे में वांछित चल रहे मुख्य आरक्षी को नरैनी पुलिस ने प्रयागराज से गिरफ्तार कर लिया।

नरैनी थानाध्यक्ष संतोष कुमार ओझा ने बताया कि वर्ष 2005 में थाना नरैनी में तत्कालीन आरक्षी भाईलाल के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 21/05 के तहत धारा 452, 323, 504, 506, 325, 295, 120बी भादवि और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 12(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपपत्र न्यायालय भेजा गया था।

बताया गया कि मुकदमे में खुद को दोषमुक्त साबित करने के उद्देश्य से भाईलाल ने न्यायालय का कथित दोषमुक्ति आदेश तैयार कर पुलिस विभाग को उपलब्ध करा दिया। विभागीय स्तर पर हुई जांच में आदेश पूरी तरह कूटरचित पाया गया। इसके बाद वर्ष 2025 में आरोपित पुलिसकर्मी के खिलाफ थाना नरैनी में एक अन्य मुकदमा दर्ज किया गया था। तभी से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर नरैनी पुलिस ने मंगलवार को प्रयागराज के म्योर रोड से वांछित मुख्य आरक्षी भाईलाल पुत्र शिव निवासी राजपुर आमघाट, थाना कोतवाली देहात, जनपद मीरजापुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह