झाड़-फूंक के नाम पर नाबालिग से गलत हरकत, तांत्रिक गिरफ्तार
बांदा, 25 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में बिसंडा थाना क्षेत्र में झाड़-फूंक के नाम पर नाबालिग के साथ गलत हरकत करने के आरोपित तांत्रिक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र की एक महिला ने शिकायत की थी कि उसकी नाबालिग बेटी की तबीयत ठीक करने के नाम पर एक तांत्रिक ने झाड़-फूंक के दौरान उसके साथ गलत हरकत की। शिकायत के आधार पर थाना बिसंडा में धारा 65(1)/76 बीएनएस और 3/4 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले में कार्रवाई करते हुए थाना बिसंडा पुलिस ने शुक्रवार 25 सितंबर को आरोपी परशुराम पुत्र मथुरिया निवासी इटरा मिलौली, थाना बिसंडा को बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी थानाध्यक्ष चंद्रप्रकाश तिवारी ने पुलिस टीम के साथ की। इस सम्बन्ध में क्षेत्राधिकारी बबेरु कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि थाना बिसंडा पुलिस द्वारा नाबालिग लड़की के साथ झाड़-फूक के नाम पर गलत कार्य करने वाले तांत्रिक की गिरफ्तारी कर आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

