फैक्ट्री जाने निकले युवक का शव पेड़ से लटका मिला, जांच में जुटी पुलिस
कानपुर देहात, 27 जून (हि.स.)। कानपुर देहात के रसूलाबाद थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक युवक का शव शीशम के पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना गहलू तिराहे के पास की है। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पहचान भैंसाया गांव निवासी 38 वर्षीय धर्मेंद्र सिंह सिसोदिया, पुत्र रामनरेश सिसोदिया के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक धर्मेंद्र शनिवार सुबह कानपुर स्थित एक फैक्ट्री में ड्यूटी पर जाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन कुछ देर बाद उनका शव गहलू तिराहे के पास शीशम के पेड़ से लटका मिला।
सुबह ग्रामीणों ने पेड़ से शव लटका देखा तो पुलिस और परिजनों को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। इसके बाद फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। मृतक अपने पीछे तीन बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
रसूलाबाद थाना प्रभारी शिवनारायण सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / अवनीश अवस्थी

