यमुनानगर:प्लाईवुड फैक्ट्री में जेसीबी की चपेट में आने से स्टोर मैनेजर की मौत
यमुनानगर, 13 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर शहर की एक प्लाईवुड फैक्ट्री में कार्य के दौरान हुए हादसे में स्टोर मैनेजर की जेसीबी मशीन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद घायल कर्मचारी को पहले निजी अस्पताल ले जाया गया और बाद में उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उच्च संस्थान रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में जेसीबी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान मॉडल टाउन निवासी 44 वर्षीय नितिन सेखड़ी के रूप में हुई है। वह फैक्ट्री में स्टोर मैनेजर के पद पर कार्यरत था और दो बच्चों का पिता था। जानकारी के अनुसार, वह रोजाना की तरह गुरुवार को भी अपनी ड्यूटी पर गया था। परिजनों के अनुसार वह फैक्ट्री परिसर में काम में व्यस्त था। इसी दौरान उसका मोबाइल फोन नीचे गिर गया। जब वह फोन उठाने के लिए झुका, उसी समय पास में चल रही जेसीबी मशीन अचानक उसकी ओर बढ़ गई। बताया गया है कि मशीन चालक ने पर्याप्त सावधानी नहीं बरती और जेसीबी का पहिया उसके शरीर के निचले हिस्से के ऊपर से गुजर गया।
इस दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के तुरंत बाद फैक्ट्री के अन्य कर्मचारियों ने उसे उठाकर उपचार के लिए यमुनानगर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए उसे उच्च चिकित्सा संस्थान के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे इलाज के लिए फोर्टिस अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलने पर थाना छप्पर पुलिस सिविल अस्पताल जगाधरी पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया। जांच अधिकारी दलजीत सिंह ने बताया कि मृतक के परिजन की शिकायत के आधार पर जेसीबी चालक सतनाम सिंह निवासी हरनौली के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

