यमुनानगर: पूर्व विधायक की फैक्ट्री पर ताबड़तोड़ फायरिंग
यमुनानगर, 31 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर में सोमवार देर रात एक प्लाईवुड फैक्ट्री पर हुई फायरिंग की घटना से सनसनी फैल गई। यह फैक्ट्री एक पूर्व विधायक से संबंधित बताई जा रही है। हमलावरों ने फैक्ट्री के मुख्य गेट को निशाना बनाते हुए कई राउंड गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार घटना देर रात जठलाना क्षेत्र स्थित फैक्ट्री के बाहर हुई। दो युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर पहुंचे और आते ही गेट की ओर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों के चेहरे ढके हुए थे और उनके पास हथियार थे। करीब आठ राउंड फायरिंग की गई, जिनमें से कुछ गोलियां गेट को पार कर परिसर के अंदर खड़े वाहन तक जा पहुंचीं।
घटना के समय फैक्ट्री परिसर में मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और दहशत का माहौल बन गया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने मौके से गोलियों के खाली खोखे बरामद कर जांच के लिए कब्जे में लिए हैं।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। साथ ही संदिग्धों की तलाश में विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है। प्रारंभिक जांच में इस वारदात को दहशत फैलाने की नीयत से अंजाम दिया गया माना जा रहा है, हालांकि अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा और मामले में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

