home page

जबलपुर: नमकीन फैक्टरी में मालवाहक लिफ्ट गिरने से महिला श्रमिक की मौत

 | 
जबलपुर: नमकीन फैक्टरी में मालवाहक लिफ्ट गिरने से महिला श्रमिक की मौत


जबलपुर, 03 जुलाई (हि.स.)।

मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के रिछाई औद्योगिक क्षेत्र स्थित अनमोल नमकीन फैक्टरी में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। फैक्टरी की मालवाहक लिफ्ट अचानक नीचे गिर गई, जिसकी चपेट में आने से एक महिला श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय फैक्टरी में सीमित संख्या में श्रमिक मौजूद थे।

प्रत्यक्षदर्शी श्रमिक ने बताया कि लिफ्ट गिरते ही फैक्टरी में अफरा-तफरी मच गई। साथी श्रमिक तत्काल मालती को बचाने के लिए दौड़े और काफी मशक्कत के बाद लिफ्ट को उठाकर उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर फैक्टरी की भारी-भरकम मालवाहक लिफ्ट अचानक नीचे आ गिरी। उसी दौरान महिला श्रमिक मालती केवट लिफ्ट के पास नमकीन के पैकेट समेट रही थीं। अचानक लिफ्ट गिरने से वह उसके नीचे दब गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा इतना भीषण था कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। साथ ही फैक्टरी में सुरक्षा मानकों और मालवाहक लिफ्ट के रखरखाव की भी जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक