17 साल नौकरी के बाद कर्मचारी की मौत, मुआवजे के लिए फैक्ट्री गेट पर 10 घंटे धरना
भीलवाड़ा, 26 नवंबर (हि.स.)। भीलवाड़ा जिले के सरेरी स्थित संगम इंडिया लिमिटेड की यूनिट-2 में कार्यरत एक कर्मचारी की मौत के बाद मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने फैक्ट्री के मुख्य द्वार पर करीब 10 घंटे तक प्रदर्शन किया। परिजन एम्बुलेंस में शव रखकर धरने पर बैठ गए और फैक्ट्री प्रबंधन से 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की मांग की। देर रात तक चली बातचीत के बाद 21 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और मृतक के एक बच्चे को फैक्ट्री में नौकरी देने पर सहमति बनी। रात करीब 12 बजे लिखित समझौते के बाद धरना समाप्त हुआ।
जानकारी के अनुसार, ईरास निवासी पुखराज जाट (50) संगम इंडिया लिमिटेड की यूनिट-2 सरेरी में पिछले 17 वर्षों से गार्ड के पद पर कार्यरत थे। वे कॉलोनी इंचार्ज के रूप में गार्डन की देखरेख और सुरक्षा संबंधी जिम्मेदारियां भी संभाल रहे थे। ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल रायला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पांच बच्चों के पालन-पोषण की चिंता
पुखराज जाट परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे। उनके पांच बच्चे हैं। उनकी अचानक मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया। परिजनों का कहना था कि परिवार की आजीविका और बच्चों के भविष्य को देखते हुए फैक्ट्री प्रबंधन को उचित आर्थिक सहायता देनी चाहिए। इसी मांग को लेकर परिजनों ने प्रबंधन के सामने 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग रखी।
शव लेकर फैक्ट्री गेट पर दिया धरना
मांगों पर तत्काल सहमति नहीं बनने पर परिजन एम्बुलेंस में शव रखकर फैक्ट्री के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मांगों पर ठोस निर्णय होने तक वे शव लेकर वहां से नहीं हटेंगे। प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद फैक्ट्री प्रबंधन और परिजनों के बीच बातचीत का दौर शुरू हुआ।
21 लाख रुपये और नौकरी पर समझौता
कई घंटे तक चली बातचीत के बाद देर रात दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी। समझौते के तहत फैक्ट्री प्रबंधन ने 21 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने और मृतक के एक बच्चे को फैक्ट्री में स्टाफ के रूप में नौकरी देने पर सहमति जताई। लिखित समझौते के बाद रात करीब 12 बजे धरना समाप्त कर दिया गया।
इसके बाद शव को रायला मोर्चरी में रखवाया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस जाप्ता भी मौके पर पहुंचा
धरने की सूचना पर गुलाबपुरा सीआई संजय गुर्जर पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों और फैक्ट्री प्रबंधन के बीच समझाइश कर बातचीत के माध्यम से विवाद सुलझाने का प्रयास किया। देर रात समझौता होने के बाद स्थिति शांत हुई।
इस दौरान धनराज गुर्जर गुलाबपुरा, शक्ति सिंह कालियास, रतनलाल जाट, शिव सिंह कालियास, महेंद्र जाट ईरांस, सत्यनारायण चौधरी गढ़वालों का खेड़ा और सुरेश भील बांगा का खेड़ा सहित आसपास के ग्रामीण मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मूलचंद

