home page

मणिकर्ण घाटी में फायरिंग से मची अफरा-तफरी, चार आरोपी गिरफ्तार

 | 
मणिकर्ण घाटी में फायरिंग से मची अफरा-तफरी, चार आरोपी गिरफ्तार


कुल्लू, 30 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के खूबसूरत पर्यटन स्थल कुल्लू की मणिकर्ण घाटी में कल देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ शरारती तत्वों द्वारा अचानक गोली चला दी गई। हालांकि, मणिकर्ण पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए घटना के चंद घंटों के भीतर ही त्वरित कार्रवाई की और मामले से जुड़े 4 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार घटना मणिकर्ण घाटी के पर्यटन क्षेत्र कसोल की है जहां कुछ युवकों के बीच आपसी कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने हथियार निकाल कर सरेआम गोली चला दीं। गोलीबारी की आवाज सुनते ही पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही मणिकर्ण पुलिस मौकाअ पर पहुंच गई। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए पूरे इलाके की नाकेबंदी की और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल के मुताबिक, पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय इनपुट की मदद से नाकेबंदी के दौरान भागने की फिराक में लगे 4 युवकों को धर दबोचा जोकि पंजाब राज्य के अमृतसर निवासी हैं। पकड़े गए चारों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार व अन्य साक्ष्यों को कब्जे में लिया जा रहा है। घाटी में कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है और पर्यटकों या स्थानीय लोगों को डरने की जरूरत नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं को आगे रखकर जांच को आगे बढ़ा रही है।

उन्होंने कहा गिरफ्तार आरोपियों के पास हथियार कहाँ से आए और क्या उनका कोई आपराधिक बैकग्राउंड (गैंगस्टर कनेक्शन) है, इसकी भी गहनता से तफ्तीश की जा रही है।

सख्त कानूनी कदम: आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट (शस्त्र अधिनियम) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्हें जल्द ही अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।

पुलिस प्रशासन ने स्थानीय जनता और घाटी में आए पर्यटकों से शांति बनाए रखने की अपील की है और साफ किया है कि हुड़दंग या कानून हाथ में लेने वाले किसी भी तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह