शराब के लिए रंगदारी, घर में घुसकर मारपीट करने वाले चार आरोपित गिरफ्तार
धमतरी, 01 अक्टूबर (हि.स.)। शराब पीने के लिए रुपये की मांग कर घर में घुसकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में कुरूद पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
कार्रवाई के बाद पुलिस ने चारों आरोपितों का ग्राम डांडेसरा में जुलूस निकालते हुए कुरूद थाना पहुंचाया। पुलिस की इस कार्रवाई से असामाजिक तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है। नवपदस्थ थाना प्रभारी कमलेश ठाकुर के नेतृत्व में क्षेत्र में असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है, जिसकी क्षेत्र में चर्चा है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 28 सितंबर को दोपहर करीब 12.45 बजे ग्राम डांडेसरा निवासी क्रिस सेन, राहुल कंवर, उमाकांत कंवर और भुलेन्द्र साहू एक साथ एक ग्रामीण के घर में घुस गए। आरोप है कि चारों ने ग्रामीण से अश्लील गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिए एक हजार रुपये की मांग की। रकम देने से मना करने पर चारों ने एक राय होकर ग्रामीण के साथ मारपीट की।
आरोपितों ने छड़, डंडा और लोहे की पाइप जैसे हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद चारों वहां से भाग निकले। आरोपितों पर गांव के जय स्तंभ चौक के पास ग्रामीण निलेश जोशी से भी शराब पीने के लिए रुपये मांगने का आरोप है। इसके अलावा पोपेश और गजेंद्र साहू ने भी अपने-अपने घर में घुसकर मारपीट करने और धमकी देने की शिकायत पुलिस से की। शिकायतों के आधार पर कुरूद पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ अपराध दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपितों को 30 सितंबर को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने ग्राम डांडेसरा से चारों आरोपितों का जुलूस निकालते हुए उन्हें कुरूद थाना पहुंचाया। आवश्यक कार्रवाई के बाद सभी आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

