home page

बिजनेसमैन को धमकी देकर मांगी एक करोड़ की रंगदारी

 | 
बिजनेसमैन को धमकी देकर मांगी एक करोड़ की रंगदारी


जयपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। जवाहर सर्किल थाना इलाके में एक बिजनेसमैन को वॉट्सऐप कॉल कर जान से मारने की धमकी देने और एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि जयपुर नगर निगम चुनाव में हार का बदला लेने के लिए बिजनेसमैन को धमकाया गया। धमकी देने के लिए जिस मोबाइल नंबर का इस्तेमाल किया गया, वह ट्रूकॉलर पर पटवारी रविन्द्र कुमार महावर के नाम से प्रदर्शित हुआ। पीड़ित ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

जांच अधिकारी एएसआई किशन लाल ने बताया कि बस्सी निवासी बिजनेसमैन का ऑफिस जवाहर सर्किल क्षेत्र स्थित गोकुल वाटिका में है। पीड़ित ने रिपोर्ट में बताया कि 18 सितंबर की दोपहर को वह ऑफिस में बैठा था। इसी दौरान उसके मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल आया। कॉल करने वाले ने चार दिन में एक करोड़ रुपए मांगे और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी।

आरोपित ने धमकाते हुए कहा कि चार दिन में उसके बताए स्थान पर एक करोड़ रुपये पहुंचा देना, अन्यथा चार दिन के अंदर जान से मार दिया जाएगा। बच्चों के अनाथ होने की धमकी देते हुए कहा गया कि चार दिन की जिंदगी जी ले, पांचवां दिन नहीं देख पाएगा।

धमकी भरा कॉल आने के बाद बिजनेसमैन ने मोबाइल नंबर को ट्रूकॉलर पर चेक किया। नंबर रविन्द्र कुमार महावर के नाम से प्रदर्शित हुआ। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि रविन्द्र कुमार पहले दांतली-सिरोली क्षेत्र में पटवारी रह चुका है, इसलिए वह उसे पहले से जानता है।

इसके बाद बिजनेसमैन ने रविन्द्र से संपर्क किया। रविन्द्र ने बताया कि करीब चार दिन पहले उसने यह सिम हरियाणा में रहने वाले अपने एक दोस्त को दी थी। उसने दोस्त से बात करने की बात कही। बाद में रविन्द्र ने पीड़ित को बताया कि अब आगे से कोई कॉल नहीं आएगा।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में रविन्द्र ने बताया कि 17 सितंबर को वह अपने दोस्तों कपिल शर्मा, मुनीराज मीणा और रामलाल मीणा के साथ विराटनगर स्थित एक फार्म हाउस पर गया था। रात में पार्टी नहीं हुई। अगले दिन 18 सितंबर की सुबह नहाने के बाद चारों ने पार्टी शुरू की।

पुलिस के अनुसार इसी दौरान जयपुर नगर निगम के वार्ड 61 से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले रामलाल मीणा ने चुनाव हारने की बात कही। कपिल शर्मा ने कथित तौर पर कहा कि बिजनेसमैन ने चुनाव में रामलाल को हराने के लिए वार्ड में पैसे बांटे थे। इसके बाद कपिल ने रविन्द्र का मोबाइल लेकर बिजनेसमैन को वॉट्सऐप कॉल किया और धमकी दी।

धमकी मिलने पर बिजनेसमैन ने कॉल काट दिया। बाद में जब बिजनेसमैन ने वापस कॉल किया तो मुनीराज मीणा ने फोन उठाया। आरोप है कि मुनीराज ने भी उसे धमकाया और खुद को हरियाणा का संदीप चौधरी बताते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद फोन काट दिया गया।

एएसआई किशन लाल ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित के बयान दर्ज करने के साथ कॉल और मोबाइल नंबर से जुड़े तथ्यों की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश