मितानित के घर विस्फोटक पदार्थ रखकर फरार आरोपित गिरफ्तार
रायपुर, 13 मई (हि.स.)। बीरगांव में मितानिन के घर विस्फोटक पदार्थ रखकर फरार हुए आरोपित विनय कुमार देवांगन को खमतराई पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित के विरुद्ध थाना खमतराई में अपराध कमांक 332/2026 धारा-4,5 विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया था। आरोपित घटना के बाद लगातार ठिकाने बदलकर छिपता फिर रहा था, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों और लगातार निगरानी के आधार पर पुलिस ने उसे भनपुरी क्षेत्र से दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, 7 मई की सुबह बीरगांव प्रगति चौक स्थित पुष्पा साहू के मकान में एक संदिग्ध बैग मिलने की सूचना मिली थी। बताया गया कि आरोपित विनय कुमार देवांगन 6 मई की रात बैग छोड़कर गया था और सुबह लेने आने की बात कही थी। जब वह वापस नहीं लौटा तो बैग खोलने पर उसमें बम जैसी सामग्री और पिस्टल दिखाई दी, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही खमतराई थाना पुलिस, बीडीएस टीम और बैलिस्टिक एक्सपर्ट मौके पर पहुंचे। जांच में बैग से तीन बम नुमा बोतलें, वायर, बैटरी, आईईडी मैकेनिज्म, फिलामेंट, एयर पिस्टल और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद की गई। सुरक्षा मानकों के तहत विस्फोटक सामग्री को डिफ्यूज किया गया। प्राथमिक परीक्षण में सामग्री विस्फोटक पाई गई।
मामले में थाना खमतराई में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 4 और 5 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने आरोपित की तलाश में लगातार छापेमारी की। आखिरकार तकनीकी इनपुट के आधार पर रिंग रोड नंबर-2 भनपुरी इलाके में घेराबंदी कर आरोपित को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि, वह पारिवारिक विवाद से परेशान था और आत्महत्या की नीयत से विस्फोटक तैयार कर रहा था। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से अतिरिक्त बैटरी, फटाका ज्वाइंटर, वायर और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है। गिरफ्तार आरोपित विनय कुमार देवांगन (49 वर्ष) मूल रूप से ग्राम मलौद, थाना धरसींवा का निवासी है और वर्तमान में बीरगांव क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

