home page

नारायणगढ़ में टोलगेट पर शराब लदी कार जब्त

 | 
नारायणगढ़ में टोलगेट पर शराब लदी कार जब्त


पश्चिम मेदिनीपुर, 04 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के नारायणगढ़ क्षेत्र में खड़गपुर–बालेश्वर 16 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित मकरामपुर टोलगेट के पास शनिवार को आबकारी विभाग और पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर शराब से भरी एक निजी कार को जब्त किया है। घटना के बाद इलाके में काफी हलचल देखी जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नारायणगढ़ आबकारी विभाग को गुप्त सूत्रों से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर जा रही एक संदिग्ध कार में भारी मात्रा में शराब ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर आबकारी विभाग के अधिकारियों और नारायणगढ़ थाने की पुलिस ने मकरामपुर टोलगेट के पास वाहन को रोककर जांच की।

तलाशी के दौरान कार से बड़ी मात्रा में देशी और विदेशी शराब बरामद की गई। हालांकि बरामद शराब की सटीक मात्रा और उसकी बाजार कीमत के बारे में अभी आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।

पुलिस और आबकारी विभाग ने वाहन को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि शराब कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां ले जाया जा रहा था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता