जबलपुरः आबकारी विभाग की कार्रवाई, 41 लीटर शराब और 1125 किलो महुआ लाहन जब्त
जबलपुर, 21 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने आबकारी विभाग का विशेष अभियान जारी है। इसी अभियान के तहत शुक्रवार और शनिवार को विभाग की अलग-अलग टीमों ने विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर 41 लीटर हाथ भट्टी से निर्मित अवैध शराब और 1125 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया। कार्रवाई के दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत कुल 9 प्रकरण दर्ज किए गए।
सहायक आबकारी आयुक्त संजीव कुमार दुबे के मार्गदर्शन में गठित पहली टीम ने आबकारी वृत्त शहपुरा उत्तर के अंतर्गत ग्राम कटंगी के कूडन मोहल्ला में दबिश दी। यहां अलग-अलग स्थानों से 16 लीटर हाथ भट्टी से बनी अवैध शराब और 450 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया। विभागीय टीम ने महुआ लाहन का नमूना लेने के बाद शेष मात्रा को मौके पर ही नष्ट करा दिया।
इसी तरह दूसरी टीम ने आबकारी वृत्त सिहोरा के अंतर्गत ग्राम सरौली, मझगवां और अगरिया में दबिश दी। यहां अलग-अलग ठिकानों से 25 लीटर हाथ भट्टी मदिरा और 675 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया। विभाग द्वारा अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

