home page

सागरः समनापुर में पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त दबिश, 1.60 लाख का महुआ लाहन नष्ट

 | 
सागरः समनापुर में पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त दबिश, 1.60 लाख का महुआ लाहन नष्ट


सागर, 22 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में रविवार को थाना महाराजपुर पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने वृत्त देवरी क्षेत्र के ग्राम समनापुर में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। संयुक्त टीम ने गांव के कई संदिग्ध ठिकानों पर एक साथ दबिश देकर 1560 किलोग्राम महुआ लाहन और 20 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब बरामद की है। जब्त की गई अवैध शराब और निर्माण सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 60 हजार रुपये बताई जा रही है।

सहायक आबकारी आयुक्त वंदना पांडे ने बताया कि थाना प्रभारी महाराजपुर निरीक्षक अजय सिंह भदौरिया ने अपनी टीम के साथ मिलकर गांव के संभावित ठिकानों की घेराबंदी की। टीम ने घरों के भीतर, खेतों की मेड़ों और नालों के किनारे छिपाकर रखे गए अवैध शराब निर्माण के ठिकानों की बारीकी से तलाशी ली। इस अचानक हुई छापेमारी से अवैध कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया।

छापेमारी के दौरान टीम को छह अलग-अलग घरों में जमीन के अंदर गड़ा हुआ महुआ लाहन मिला, जिसका उपयोग हाथ भट्टी शराब बनाने के लिए किया जा रहा था। टीम ने विधिवत सैंपल लेने के बाद शेष 1560 किलोग्राम महुआ लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया, ताकि शराब निर्माण की प्रक्रिया को वहीं रोका जा सके। इस पूरे मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) और 34(1)(च) के तहत कुल 11 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इनमें से दो मामलों में नामजद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, जबकि चार अन्य ठिकानों से संबंधित आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश और पहचान पुलिस द्वारा की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे