सागर में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग का बड़ा अभियान, 35 प्रकरण दर्ज
सागर, 16 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत बड़े स्तर पर कार्रवाई की है। आबकारी आयुक्त, मध्य प्रदेश (ग्वालियर) के निर्देश पर 6 सितंबर से 15 सितंबर 2026 तक चलाए गए अभियान में बंडा, शाहगढ़ सहित जिले के अन्य संवेदनशील और संदिग्ध स्थानों पर आबकारी टीमों ने लगातार दबिश दी।
अभियान के दौरान आबकारी विभाग ने मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1), 34(2) और 49ए के तहत कुल 35 प्रकरण दर्ज किए। इन मामलों में 28 आरोपियों को कार्रवाई के दायरे में लेते हुए विवेचना शुरू की गई है। दर्ज प्रकरणों में धारा 34(2) और 49(क) के तहत चार गंभीर मामले भी शामिल हैं।
कार्रवाई के दौरान आबकारी अमले ने बड़ी मात्रा में अवैध शराब और उसके निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की। विभाग के अनुसार कुल 1,890.47 बल्क लीटर अवैध देसी शराब, विदेशी शराब, बीयर और हाथ भट्टी की कच्ची शराब जब्त की गई। इसके अलावा शराब बनाने में उपयोग होने वाला 390 किलोग्राम महुआ लाहन तथा एक वाहन भी जब्त किया गया है।
विभाग ने जब्त की गई अवैध मदिरा और अन्य सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य 25,95,062 रुपये बताया है। अभियान के दौरान संदिग्ध ठिकानों पर की गई लगातार कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति रही।
अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही आबकारी विभाग ने जिले में संचालित मदिरा दुकानों की भी जांच तेज कर दी है। सागर जिले के आबकारी अमले और संभागीय उड़नदस्ते ने संयुक्त रूप से जिले की कुल 89 कंपोजिट मदिरा दुकानों का निरीक्षण किया।
आबकारी विभाग ने शराब की गुणवत्ता और बिक्री से जुड़ी स्थिति की जांच के लिए अलग-अलग केंद्रों से शराब के 72 नमूने भी लिए हैं। इन सभी नमूनों को रासायनिक परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक जांच प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।
जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आबकारी नियंत्रण कक्ष के माध्यम से हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध शराब से संबंधित गतिविधि की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तत्काल आबकारी विभाग को दें।
प्रशासन ने इसके लिए 7693911497 और 6261597911 हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। अधिकारियों ने बताया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। प्रशासन ने नागरिकों से अवैध शराब के कारोबार के संबंध में जानकारी साझा कर कार्रवाई में सहयोग करने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

