ईंट-भट्ठे पर आबकारी और पुलिस का छापा, 75 लीटर कच्ची शराब बरामद, दो गिरफ्तार
देवरिया, 05 जुलाई (हि.स.)। जिले के खुखुंदू थाना क्षेत्र के सठियाव स्थित एक ईंट भट्ठे पर आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर अवैध शराब बनाने के कारोबार का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान 75 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई, जबकि दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, ईंट भट्ठा मालिक, उसका पार्टनर और मुंशी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-दो सलेमपुर अनंत कुमार मिश्र के नेतृत्व में आबकारी विभाग और खुखुंदू थाना पुलिस ने डीडी के. मार्का ईंट भट्ठे पर छापा मारा। तलाशी के दौरान टीम को 75 लीटर कच्ची शराब के अलावा शराब बनाने में प्रयुक्त दो बड़े स्टील के ड्रम, दो एल्यूमिनियम के भदेले, दो चूल्हे तथा लगभग 200 किलोग्राम लहन बरामद हुआ। बरामद लहन को आबकारी नियमों के अनुसार मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मोहम्मद इस्माइल और जितेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया। जबकि भट्ठा मालिक दीनदयाल कुशवाहा, उनके पार्टनर नृपेंद्र त्रिपाठी तथा मुंशी संजय पुलिस टीम को देखकर मौके से फरार हो गए। उनकी तलाश की जा रही है।
आबकारी विभाग के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों और फरार नामजद व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 तथा आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत खुखुंदू थाने में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
छापेमारी टीम में आबकारी निरीक्षक सदर सुधीर कुमार सिंह, आबकारी कर्मी पंकज चौधरी, रीता वर्मा, योगेश कुमार और राकेश वर्मा शामिल रहे। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक आनंद राव, कांस्टेबल चंदन गहलोत, चंदन वर्मा तथा विनोद यादव मौजूद रहे। विभाग ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

