पूर्व एनएसजी कमांडो के घर पर मिला 1.06 करोड़ कैश
8 किलो अफीम का दूध भी बरामद, आरोपित ने की भागने की कोशिश
जोधपुर, 17 जुलाई (हि.स.)। जोधपुर कमिश्नरेट की बनाड़ थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए आठ किलो अफीम का दूध और 1 करोड़ 60 लाख 50 हजार रुपये की नकदी बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया है, जो पूर्व में देश के प्रतिष्ठित सुरक्षा बल एनएसजी में कमांडो रह चुका है। पुलिस को देख आरोपित ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
डीसीपी ईस्ट मनीष चौधरी ने बताया कि पुलिस ने नशा तस्करी के मामले में कार्रवाई करते हुए एकता नगर, रमजानजी का हत्था निवासी रतनसिंह पुत्र हनुमानराम सिंवर जाट को गिरफ्तार किया है। आरोपित रतनसिंह पूर्व में असम राइफल्स में जवान रह चुका है और देश के प्रतिष्ठित सुरक्षा बल एनएसजी में कमांडो के तौर पर भी सेवाएं दे चुका है। डीसीपी ने बताया कि देर रात शुरू हुई पुलिस की यह कार्रवाई शुक्रवार सुबह तक जारी रही। तलाशी के दौरान आरोपित के घर से 1 करोड़ 6 लाख 50 हजार रुपये से ज्यादा नकद रुपये बरामद हुए।
आरोपित के ठिकाने पर 500-500 रुपये के नोटों की इतनी गड्डियां मिली कि उन्हें गिनते-गिनते सुबह हो गई। पुलिस ने नकद रुपये, अफीम के दूध के साथ ही एक क्रेटा कार भी जब्त की है। फिलहाल पुलिस आरोपित से इतनी बड़ी रकम और नशे की खेप के सोर्स को लेकर पूछताछ कर रही है। आरोपित के घर की कीमत करीब छह करोड़ रुपये बताई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

