home page

जेजेएम घोटाला: सत्रह दिनों से भूमिगत पूर्व आईएएस सुबोध अग्रवाल की तलाश तेज

 | 
जेजेएम घोटाला: सत्रह दिनों से भूमिगत पूर्व आईएएस सुबोध अग्रवाल की तलाश तेज


जयपुर, 05 मार्च (हि.स.)। जल जीवन मिशन (जेजेएम) घोटाले की जांच के घेरे में आए रिटायर्ड आईएएस अधिकारी सुबोध अग्रवाल पिछले सत्रह दिनों से फरार चल रहे हैं। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीमें उनकी गिरफ्तारी के लिए राजस्थान से लेकर उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र तक खाक छान रही हैं,लेकिन फिलहाल उनका कोई सुराग नहीं लगा है। गुरुवार को भी ब्यूरो की टीमों ने जयपुर समेत कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी।

एसीबी सूत्रों के मुताबिक पूर्व आईएएस सुबोध अग्रवाल के खिलाफ 18 फरवरी को ही लुकआउट नोटिस जारी कर दिया गया था। जांच एजेंसी ने पिछले एक महीने के जयपुर और दिल्ली एयरपोर्ट के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। फुटेज में अग्रवाल की एंट्री कहीं नहीं मिली है। जिससे ब्यूरो इस निष्कर्ष पर पहुंचा है कि वे फिलहाल देश में ही कहीं छिपे हुए हैं और विदेश नहीं भागे हैं। वहीं फरार आरोपियों तक पहुंचने के लिए एसीबी ने अब तक अग्रवाल के रिश्तेदारों, करीबियों, नौकरों और ड्राइवरों सहित 50 से अधिक लोगों को मुख्यालय बुलाकर पूछताछ कर चुकी है। ब्यूरो ने राजस्थान के अलावा नोएडा, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में उनके परिचितों के ठिकानों पर भी सर्च ऑपरेशन चलाया है।

एसीबी अधिकारियों का कहना है कि सुबोध अग्रवाल समेत कुल चार आरोपियों की तलाश जारी है। आरोपियों के संभावित ठिकानों और रिश्तेदारों के घरों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी बारीकी से जांच की जा रही है।

एसीबी डीजी गोविंद गुप्ता के अनुसार तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना तंत्र (ह्यूमन इंटेलिजेंस) के आधार पर तलाश तेज कर दी गई है। जल्द ही इस मामले में बड़ी सफलता मिलने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश