चौबीस घंटे बाद भी मृत महिला की शिनाख्त नहीं, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
हाइवे किनारे के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
हमीरपुर, 22 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के सुमेरपुर थाना क्षेत्र में हाईवे में लीणा नाला के समीप पड़ी मिली महिला के शव की शिनाख्त पुलिस 24 घंटे गुजर जाने के बाद नहीं कर सकी है। पुलिस ने बुधवार को सुमेरपुर कस्बे से लेकर व्यापारिक प्रतिष्ठान में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालकर शिनाख्त का प्रयास किया लेकिन असफल रही है। शव मोर्चरी में रखा हुआ है पुलिस गहनता के साथ जांच में जुटी है।
मंगलवार को शाम महिला का शव देखकर पुलिस को सूचित किया था। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने देर रात तक घटनास्थल से लेकर आसपास के ढाबो आदि में पूछताछ की थी लेकिन सफल नहीं हुई। रात करीब 8 बजे पुलिस अधीक्षक भी मौके पर आए थे और घटना के अनावरण के आदेश मातहतों को दिए थे। पुलिस ने कस्बे से लेकर इंगोहटा तक हाइवे किनारे व्यापारिक प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले है लेकिन कोई अहम सुराग नहीं लगा और आशंका जताई जा रही है कि महिला मौदहा क्षेत्र की हो सकती है। इसको मद्देनजर रखकर घटना के कुछ घंटे बाद ही सीओ मौदहा एवं कोतवाल मौदहा को मौके पर बुलाकर फुटेज आदि मुहैय्या कराए गए थे लेकिन वहां से भी कुछ हाथ नहीं लग सका घटना के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगाई गई है सभी टीम महिला की शिनाख्त के लिए रात से ही जुटी हुई है लेकिन घटना के 24 घंटे गुजर जाने के बाद अहम सबूत हाथ नहीं लगे हैं। फैक्ट्री एरिया चौकी इंचार्ज राजवीर सिंह ने बुधवार को बताया कि महिला की शिनाख्त के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
जिस्मफरोशी से तार जुड़े होने की भी हो रही है जांच
पुलिस को भी आशंका है कि महिला काे यहां पर जिस्मफरोशी के उद्देश्य से लाया गया हो और विवाद के बाद हत्या की गई हो इसको भी जांच का बिंदु बनाया गया है क्योंकि फैक्ट्री एरिया से लेकर जेके सीमेंट तक हाइवे किनारे बने ढाबो में रात के अंधेरे में जिस्मफरोशी का धंधा चोरी छिपे चलता है। यह जग जाहिर है। ट्रक चालक बाहर से महिलाओं को इन ढाबों पर लाते हैं और जिस्मफरोसी करके चले जाते हैं आशंका है कि महिला को यहां पर इसी उद्देश्य लाया गया हो और किसी बात को लेकर विवाद होने पर मौत के घाट उतार दिया गया हो क्योंकि चर्चा है की महिला को एक ढाबे में ट्रक चालक के साथ नशे की हालत में विवाद करते हुए देखा गया था इसके बाद चालक कहां लापता हो गया कोई कुछ बताने को तैयार नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

