home page

दिल्ली से बिहार जा रहे शराब तस्कर काे जीआरपी ने किया गिरफ्तार

 | 
दिल्ली से बिहार जा रहे शराब तस्कर काे जीआरपी ने किया गिरफ्तार


इटावा, 08 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के इटावा जनपद में थाना जीआरपी पुलिस ने ट्रेन में दिल्ली से शराब की तस्करी कर बिहार लेकर जा रहे तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार तस्कर के पास से हरियाणा की 48 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की है। गिरफ्तार तस्कर बिहार के बेगूसराय का निवासी है।

थाना प्रभारी निरीक्षक जीआरपी जितेंद्र कुमार ने बुधवार काे बताया कि ट्रेन नम्बर 15484 सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस में अवैध शराब की तस्करी की सूचना मुखबिर के जरिए प्राप्त हुई थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने ट्रेन में सघन चेकिंग अभियान चलाया तो ट्रेन के कोच संख्या H1 में एक व्यक्ति संदिग्ध प्रतीत हुआ तो उसकी चेकिंग करते हुए जामा तलाशी लेते हुए पूछा गया तो उसने अपना नाम गौरव कुमार पुत्र सिकंदर कुमार राय निवासी वार्ड संख्या 41 कस्बा व थाना मटियानी जिला बेगूसराय बिहार बताया जिसके कब्जे से एक ट्राली बैग व चार पिट्ठू बैग में कुल 48 बोतल हरियाणा ब्रांड की रेड लेवल, ब्लैक डॉग, ब्लेंडर प्राइड बरामद हुई है। गिरफ्तार तस्कर ने पूछताछ में बताया कि बिहार में शराब बंदी की वजह से वह दिल्ली से शराब को ट्रेन के माध्यम से बिहार में ले जाकर महंगे दामों में बेचकर धन अर्जित करता है। थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित सिंह