home page

प्रेमी के साथ मिलकर नाबालिग बेटी ने की थी पिता की हत्या , बेटी और प्रेमी गिरफ्तार

 | 
प्रेमी के साथ मिलकर नाबालिग बेटी ने की थी पिता की हत्या , बेटी और प्रेमी गिरफ्तार


इटावा, 26 अक्टूबर(हि.स.)। उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के थाना सिविल लाइन क्षेत्र अंतर्गत कांशीराम कॉलोनी में 55 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड श्याम सुंदर की हत्या का खुलासा पुलिस ने साेमवार काे कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक की नाबालिग बेटी और सह अभियुक्त प्रेमी को गिरफ्तार किया है। प्रेमी से बातचीत करने से रोकने पर बेटी ने अपने पिता को पहले चाय में नींद की गोली खिलाई और जब वह सो गये तब प्रेमी के साथ मिलकर पिता के हाथ पैर बांधकर सिलबट्टा से चेहरा कुचलकर हत्या की थी। दाेनाें शव को घर में बक्से में छिपाकर भाग गए थे। पुलिस ने आराेपित के पास से हत्या में इस्तेमाल हुए सिलबट्टे धारदार चाकू और खून से सने हुए कपड़े बरामद किए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने पत्रकाराें काे बताया कि थाना सिविल लाइन क्षेत्र अंतर्गत कांशीराम कॉलोनी में बीती रविवार को पुलिस ने घर के अंदर रखे बक्शे से सुरक्षा कर्मी श्याम सुंदर का शव बरामद किया था। हाथ-पैर रस्सी से बंधे थे।बड़ी बेटी काजल ने हत्या का आराेप पिता के साथ रह रही नाबालिग बहन पर लगाया था। पुलिस ने शव काे पाेस्टमार्टम भेजकर हत्या के खुलासा के लिए सर्विलांस की मदद ली। जांच में पता चला कि मृतक की छोटी बेटी अपने प्रेमी अभिलाष से फोन पर बात करती थी। पुलिस ने प्रेमी के घर बकेवर थाना क्षेत्र स्थित अहेरीपुर में छापा मारा। यहां से अभिलाष और हत्या के आराेपित सुरक्षाकर्मी की बेटी काे गिरफ्तार कर लिया है।

पूछताछ में आराेपित ने बताया कि वह अभिलाष से प्रेम करती और उसके साथ रहना चाहती है, लेकिन जब पिता को पता चला तो उन्होंने इसका विरोध करते हुए उसके साथ मारपीट की थी। इस बात से नाराज होकर उसने प्रेमी के साथ मिलकर पिता की हत्या की योजना बनाई थी। 21 अक्टूबर को उसने पिता श्याम सुंदर को चाय में नींद की गोली मिलाकर पिला दी। जब वह सो गए तो उसने अपने प्रेमी अभिलाष के साथ मिलकर पिता के हाथ पैर रस्सी से बांधकर चाकू से गला काटने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहने पर सिलबट्टे से पिता के चेहरे को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। शव को एक कंबल में लपेटकर बक्से में रखकर घर में ताला लगाकर भाग गए थे।

एसएसपी ने बताया कि पकड़ी गई मृतक की बेटी अभी नाबालिग है और उसका प्रेमी अभिलाष बालिग है। पिता की हत्या में जहां नाबालिग काे सुधार गृह भेजा गया है ताे वही आराेपित जेल भेजा दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित सिंह