इटावा में पत्नी—सास हत्याकांड का खुलासा, आरोपित दामाद का साथी मुठभेड़ में गिरफ्तार
इटावा, 17 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के इटावा जनपद में थाना भरथना क्षेत्र के अंतर्गत चन्देठी गाँव में हुई मां पुष्पा देवी और शादीशुदा बेटी निर्मला उर्फ मंजू देवी की निर्ममता से हत्या का खुलासा पुलिस ने किया है। पुलिस ने इस दाेहरे हत्याकांड के एक आरोपित सेना के बर्खास्त सिपाही मुकेश यादव को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। इसने मृतक निर्मला उर्फ मंजू देवी के पति सत्येंद्र यादव के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। गिरफ्तार आरोपित के पास से पुलिस ने लाल रंग की स्कूटी दो लाख 31 हजार रुपए की नगदी और असलाह कारतूस बरामद किए है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि साेमवार सुबह थाना भरथना क्षेत्र के अंतर्गत चन्देठी गांव में शादीशुदा बेटी निर्मला उर्फ मंजू देवी और उसकी मां पुष्पा देवी की गला रेतकर निर्ममता से हत्या कर दी गई थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद हत्यारों को गिरफ्तार करने के लिए छह टीमें लगाई गई थी । पुलिस ने घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर एक लाल रंग की स्कूटी को ट्रेस किया जिसके रजिस्ट्रेशन के चेक करने पर पुलिस ने मैनपुरी जनपद के कुर्रा के रहने वाले मुकेश यादव को चिह्नित किया जिसकी तलाश के लिए पुलिस टीम लग गई थी और वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि भरथना क्षेत्र के अंतर्गत साम्हो के पास मुकेश यादव कहीं भागने की फिराक में खड़ा है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया तो उसने अपने आपको पुलिस से घिरा हुआ देखकर पुलिस टीम पर फायरिंग करना शुरू कर दिया जिसके बचाव में पुलिस टीम ने भी जवाबी फायरिंग करना शुरू किया जिसमें पुलिस की गोली लगने से मुकेश यादव घायल हुआ है।
गिरफ्तार मुकेश यादव के पास से लाल स्कूटी दो लाख 31 हजार की नगदी और तमंचा कारतूस बरामद किए है। पुलिस की पूछताछ में मुकेश यादव ने बताया कि उसकी निर्मला उर्फ मंजू देवी के मायके पक्ष और ससुराल पक्ष दोनों जगह रिश्तेदारी है। निर्मला उर्फ मंजू देवी की शादी 2021 में सत्येंद्र यादव के साथ हुई थी लेकिन शादी के बाद से ही दोनों के बीच में झगड़ा होना शुरू हो गया था। शादी के तीन महीने बाद से ही निर्मला उर्फ मंजू अपने मायके चन्देठी में अपनी मां पुष्पा देवी के पास रहने लगी थी । सामाजिक लोगों के समझाने के बाद जब दोनों में समझौता नहीं हुआ तो सत्येंद्र यादव ने मैनपुरी में अपनी पत्नी निर्मला उर्फ मंजू देवी से तलाक का मुकदमा न्यायालय में डाल जबकि निर्मला उर्फ मंजू ने इटावा न्यायालय में भरण पोषण का मुकदमा दायर किया था । इसमें तीन अगस्त को न्यायालय से सत्येंद्र यादव को पत्नी निर्मला उर्फ मंजू देवी को सात हजार रुपए हर महीने और तीन लाख रुपए एकमुश्त देने का आदेश हुआ । इस आदेश काे लेकर सत्येंद्र परेशान रहने लगा और पत्नी की हत्या की वारदात के लिए मुकेश को दो लाख पचास हजार रुपए दिए ।
हत्या के इरादे से मुकेश निर्मला उर्फ मंजू देवी के घर 15 अगस्त दोपहर तीन बजे करीब मुकेश अपनी स्कूटी से निर्मला के घर कोल्ड ड्रिंक की बोतल में नशीली दवाई लेकर पहुंचा और गर्मी होने की बात कहकर निर्मला और उसकी मां पुष्पा को कोल्ड ड्रिंक पिला दी जिसे पीने के बाद दोनों बेहोश हो गयीं। इसके बाद सत्येंद्र भी वहां आ गया और इन दोनों ने मिलकर धारदार दरांती से गला रेतकर मां बेटी की हत्या कर भाग गए।
एसएसपी ने बताया कि मृतक पुष्पा देवी के दोनों भाई और पति बाहर रहकर नौकरी करते है। इसलिए दोनों मां बेटी अकेली रहती थी। इसी वजह से पंद्रह अगस्त से लेकर अभी तक घटना का सुराग नहीं लगा। जब दूध देने वाले को शक हुआ तो उसकी सूचना पर घटना का पता लगा। एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार मुकेश यादव सेना में सिपाही के पद पर तैनात था और वर्ष 2010 में कैंट इलाके से ट्रैक्टर चोरी करने के आरोप में उसका कोर्ट मार्शल कर बर्खास्त किया गया था । उन्होंने बताया कि पुलिस ने मुकेश के पास से कोल्ड ड्रिंक की बोतल नशीला पाउडर, दो लाख 31 हजार रुपए , लाल स्कूटी , एक तमंचा और कारतूस बरामद किए है। उन्होंने बताया कि फरार आरोपित सत्येंद्र यादव को पुलिस टीम तलाश कर रही है। जिसकी शीघ्र ही गिरफ्तारी की जायेगी ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित सिंह

