घर के बाहर सो रहे बुजुर्ग की हत्या, जांच में जुटी पुलिस
इटावा, 02 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के इटावा जनपद में थाना इकदिल क्षेत्र के अंतर्गत परमधाम गांव में घर के बाहर चारपाई पर सो रहे 60 वर्षीय युवक की फावड़े से काटकर हत्या कर दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुत्र अनिल कुमार ने बताया कि
पिता सिद्ध स्वरूप के घर से करीब साठ फीट दूर जानवरों के पास जामुन के पेड़ के नीचे चारपाई पर सोते थे। मंगलवार की रात को भी सो रहे थे। बुधवार की सुबह जब उन्होंने देखा तो पिताजी चारपाई पर लहूलुहान मृत अवस्था में पड़े थे और चारपाई के पास से ही एक फावड़ा भी मिला है। आरोप है कि किसी ने उनके ऊपर सोते समय फावड़ा से हमला कर मौत के घाट उतार दिया है। परिवार की किसी से कोई रंजिश या दुश्मनी नहीं है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर अवनीश कुमार ने बताया कि थाना इकदिल क्षेत्र के अंतर्गत परमधाम गांव में साठ वर्षीय युवक सिद्ध स्वरूप जो कि चारपाई पर सो रहे थे तभी किसी ने उनकी हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्यों को एकत्र कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। शीघ्र ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित सिंह

