home page

इटावा बरेली हाइवे पर तमंचे की नाेक पर दिन दहाड़े लूट

 | 
इटावा बरेली हाइवे पर तमंचे की नाेक पर दिन दहाड़े लूट


फर्रुखाबाद ,01 जून (हि.स.)। थाना राजेपुर क्षेत्र में इटावा-बरेली हाईवे स्थित डबरी रामगंगा पुल के निकट सोमवार को बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने महिला के पुत्र के साथ मारपीट की और तमंचा निकालकर धमकाने का प्रयास किया। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फर्रुखाबाद के मशैनी चौराहा निवासी राहुल शुक्ल पुत्र राजीव शुक्ल अपनी मां अनीता शुक्ला के साथ बाइक से जलालाबाद लड़की देखने जा रहे थे। जब वे डबरी रामगंगा पुल के निकट पहुंचे तो राहुल सड़क किनारे बाइक खड़ी कर लघुशंका के लिए उतर गया। इसी दौरान काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और बाइक पर बैठी अनीता शुक्ला के गले से सोने की चेन झपट ली।

राहुल ने जब बदमाशों से विरोध किया तो दोनों आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित के अनुसार, एक बदमाश ने तमंचा निकाल लिया और उसमें कारतूस लोड करने लगा। इसी दौरान हुई छीना-झपटी में एक कारतूस मौके पर गिर गया। इसके बाद दोनों बदमाश जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना राहुल शुक्ल ने तत्काल डायल-112 पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच-पड़ताल शुरू की। बाद में राजेपुर थाने के दरोगा आशुतोष कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। राहुल ने मौके पर मिला कारतूस पुलिस को सौंप दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार, सीओ अमृतपुर ऐश्वर्या उपाध्याय, थानाध्यक्ष राजेपुर नागेंद्र सिंह, एसओजी टीम एवं सर्विलांस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस टीम ने डबरी चेकपोस्ट, अल्लाहगंज मार्ग तथा आसपास के कई स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं और बदमाशों की तलाश में अभियान चलाया जा रहा है।

थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही घटना का खुलासा किए जाने का दावा किया गया है।

दिनदहाड़े हाईवे पर हुई इस वारदात ने राहगीरों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar