home page

लापता युवक का शव कुएं में मिला, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई

 | 
लापता युवक का शव कुएं में मिला, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई


एटा , 24 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में एटा जिले की जलेसर थाना क्षेत्र में 25 वर्षीय एक युवक का शव कुएं में मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने युवक के साथ कुछ लोगों द्वारा लड़ाई झगड़े के बाद हत्या करने की आशंका व्यक्त की है।

थाना प्रभारी राजकुमार सिंह ने शुक्रवार काे बताया कि मोहल्ला महावीरगंज निवासी एक युवक का शव मोहल्ले के ही एक 40 फीट गहरे कुएं में पाए जाने की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकाला। मृतक की पहचान महावीरगंज निवासी देवेश (25) के रूप में हुई है। घटना पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए ।

मृतक की मां दुर्गेश ने बताया कि गुरुवार काे उनके पुत्र देवेश घर से बाहर गया हुआ था। रात 11: 30 बजे तक उससे फोन पर बात हुई ताे उसने बताया कि मैं आ रहा हूं घर, लेकिन वह घर नहीं आया। शुक्रवार सुबह मोहल्ले के ही एक कुएं के पास उनके पुत्र की चप्पल पड़ी मिली। ग्रामीणाें की जानकारी पर परिजन और पुलिस पहुंचकर कुएं में खाेजबीन शुरू कर दी। कुएं से देवेश का शव निकाला गया। घटना के संबंध में देवेश की मां ने बताया कि देवेश ने अपने छोटे भाई को बताया था कि उनका झगड़ा कुछ लड़कों से हो गया है। आशंका है कि उन्ही लड़कों ने उनके बेटे की हत्या की है।

थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, रिपोर्ट के बाद ही मृत्यु का सही कारण सामने आ पाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

--------------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vivek Upadhyay