home page

ईएसआईसी शाखा प्रबंधक दस हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

 | 
ईएसआईसी शाखा प्रबंधक दस हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार


जयपुर, 30 मई (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की स्पेशल यूनिट उदयपुर ने कार्रवाई करते हुए कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) चित्तौड़गढ़ शाखा की शाखा प्रबंधक संदीपा वोहरा को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह एक कर्मचारी के मेडिकल बिलों और मेडिकल लीव के भुगतान को मंजूरी देने के बदले रिश्वत मांग रही थी।

एसीबी डीजी गोविंद गुप्ता के अनुसार हिन्दुस्तान जिंक, चंदेरिया में कार्यरत एल एंड टी कंपनी के एक कर्मचारी को अगस्त 2025 में ड्यूटी के दौरान लकवा हो गया था। कर्मचारी के मेडिकल बिलों और अवकाश भुगतान की फाइल पास करने के एवज में शाखा प्रबंधक संदीपा वोहरा ने परिवादी के रिश्तेदार तथा एल एंड टी कंपनी के एचआर मैनेजर से 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। शिकायत में यह भी सामने आया कि पूर्व में विभिन्न कर्मचारियों के क्लेम पास करने के नाम पर करीब 40 हजार रुपए रिश्वत के रूप में लिए जा चुके थे। सूचना मिलने पर एसीबी ने उप महानिरीक्षक पुलिस डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में कार्रवाई शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजीव जोशी के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक लक्ष्मण डांगी ने 29 मई को रिश्वत मांग के सत्यापन की कार्रवाई की। सत्यापन के दौरान संदीपा वोहरा द्वारा कर्मचारी दिनेश कुमार गाड़री के मेडिकल बिल और मेडिकल लीव भुगतान के बदले 10 हजार रुपए मांगना प्रमाणित हो गया।

इसके बाद शनिवार को एसीबी टीम ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए चित्तौड़गढ़ स्थित शाखा कार्यालय में संदीपा वोहरा को परिवादी से 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। टीम ने रिश्वत की राशि बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश