कोर्ट परिसर से फरार अभियुक्त पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
बांदा, 16 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में न्यायालय में पेशी के दौरान पुलिस को चकमा देकर फरार एनडीपीएस एक्ट के अभियुक्त संजय उर्फ तन्नु को तिंदवारी, चिल्ला थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने रविवार को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में अभियुक्त के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत सामान्य है। फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक बांदा की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि, 14 अगस्त को एनडीपीएस एक्ट के अभियुक्त संजय को मंडल कारागार से न्यायालय में पेशी के लिए लाया गया था। लॉकअप से न्यायालय ले जाते समय उसने बाथरूम जाने का बहाना बनाया और ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल को चकमा देकर फरार हो गया था। घटना के संबंध में शहर कोतवाली में अभियुक्त के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने उसकी गिरफ्तारी के लिए तत्काल कई पुलिस टीमों का गठन किया था।
पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस के माध्यम से अभियुक्त की तलाश शुरू की। इसी क्रम में रविवार की शाम थाना तिंदवारी, थाना चिल्ला और एसओजी की संयुक्त टीम बरेठी-असकरन मोड़, पपरेंदा रोड पर संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति तमंचा लेकर मिरगहनी पुल से पहले सत्तीमाई मंदिर के पास मौजूद है।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख संजय उर्फ तन्नु ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें अभियुक्त के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
गिरफ्तार अभियुक्त संजय उर्फ तन्नु के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत करीब छह से ज्यादा मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस उसकी आपराधिक गतिविधियों और फरारी के दौरान उसे संरक्षण देने वालों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष तिंदवारी संदीप कुमार सिंह, थानाध्यक्ष चिल्ला आनंद कुमार साहू, प्रभारी एसओजी आनंद कुमार, प्रभारी सर्विलांस राजेश मौर्य, उपनिरीक्षक गजेंद्र सिंह, संतोष कुमार, हेड कांस्टेबल अश्वनी प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल विजय सिंह, कांस्टेबल प्रतीक, कमल सिंह, अमित कुशवाहा, अमित त्रिपाठी, रिषभ कुमार, महेंद्र प्रताप सिंह, अमन मिश्रा, कांस्टेबल शिवजीत सिंह और कांस्टेबल सचिन कुमार शामिल रहे।
-------------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

