home page

जबलपुर : नगर निगम के प्रभारी सहायक स्वास्थ्य अधिकारी के ठिकानों पर ईओडब्ल्यू का छापा

 | 
जबलपुर : नगर निगम के प्रभारी सहायक स्वास्थ्य अधिकारी के ठिकानों पर ईओडब्ल्यू का छापा


जबलपुर, 16 जून (हि.स.)। आर्थिक अपराध अन्वेषण प्रकोष्ठ जबलपुर की टीम ने मंगलवार सुबह नगर निगम के प्रभारी सहायक स्वास्थ्य अधिकारी पोला राव के ठिकानों पर छापामार कार्रवाई की। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत के आधार पर न्यायालय से सर्च वारंट प्राप्त करने के बाद ईओडब्ल्यू ने यह कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार, ईओडब्ल्यू की टीम ने पोला राव के आवास सहित अन्य संबंधित स्थानों पर एक साथ दबिश दी। इसके अलावा नगर निगम से जुड़े एक ठेकेदार के घर पर भी जांच की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक सर्चिंग और दस्तावेजों की जांच की कार्रवाई जारी थी।

ईओडब्ल्यू अधिकारियों के मुताबिक प्रारंभिक जांच में पोला राव के नाम पर एक फ्लैट, लगभग 10 हजार वर्गफुट का भूखंड, आंध्र प्रदेश में खरीदी गई कृषि भूमि, चार दोपहिया वाहन तथा एक चारपहिया वाहन होने की जानकारी सामने आई है। जांच के दौरान बैंक खातों, बीमा पॉलिसियों और नकद लेन-देन से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।

फिलहाल बरामद संपत्तियों का मूल्यांकन किया जा रहा है। जांच एजेंसियां अधिकारी की वैध आय और अर्जित संपत्तियों के बीच संभावित असमानता का आकलन कर रही हैं। ईओडब्ल्यू अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही संपत्तियों के वास्तविक मूल्य और मामले के अन्य पहलुओं का खुलासा किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक