home page

जबलपुर : ईओडब्ल्यू टीम ने 15 हजार की रिश्वत लेते ग्राम सरपंच को रंगे हाथों गिरफ्तार किया

 | 
जबलपुर : ईओडब्ल्यू टीम ने 15 हजार की रिश्वत लेते ग्राम सरपंच को रंगे हाथों गिरफ्तार किया


जबलपुर, 09 मार्च (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के जबलपुर ईओडब्ल्यू की टीम ने सोमवार को सिवनी जिले के पलारी गांव के सरपंच को टपरिया बनाने की अनुमति देने के एवज में 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए सोमवार को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान टीम ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली।

ईओडब्ल्यू के अनुसार सिवनी जिले के पलारी गांव में चूना भट्टी के पास रहने वाले शिवचरण नगवंशी खाली जमीन पर टपरिया बना रहे थे। इसी दौरान ग्राम सरपंच रामगोपाल डेहरिया ने आपत्ति जताते हुए उनका काम रुकवा दिया। जब शिवचरण ने इस संबंध में सरपंच से बात की तो उन्होंने टपरिया बनाने की अनुमति देने के बदले 15 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।

पीड़ित शिवचरण ने सरपंच को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद शिवचरण ने पूरे मामले की शिकायत आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ जबलपुर से की। शिकायत के सत्यापन के बाद ईओडब्ल्यू की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया।

निर्धारित योजना के अनुसार सोमवार को आरोपी ग्राम सरपंच रामगोपाल डेहरिया को रिश्वत की राशि लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। टीम ने मौके से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली है। ईओडब्ल्यू की टीम मामले में आगे की कार्रवाई और जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक