home page

जबलपुर : दुकान के नामांतरण के लिए 5 हजार की रिश्वत, 2 हजार लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार

 | 
जबलपुर : दुकान के नामांतरण के लिए 5 हजार की रिश्वत, 2 हजार लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार


जबलपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में अधारताल तहसीली में दुकान के नामांतरण के एवज में रिश्वत मांगने वाले पटवारी को ईओडब्ल्यू ने गुरुवार को 2 हजार रुपये लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी पटवारी की पहचान मनोज बघेल के रूप में हुई है। ईओडब्ल्यू टीम ने रिश्वत की रकम जब्त करने के साथ कार्रवाई के दौरान भौतिक सत्यापन के नमूने भी जुटाए हैं।

ईओडब्ल्यू डीएसपी मंजीत सिंह के मुताबिक, कटंगी निवासी शरद विश्वकर्मा ने अपनी मां के नाम ग्रीन सिटी में एक दुकान खरीदी थी। दुकान के नामांतरण के लिए उसने अधारताल तहसीली में पटवारी मनोज बघेल से संपर्क किया। आरोप है कि पटवारी ने नामांतरण की प्रक्रिया के लिए पहले ही 1 हजार रुपये ले लिए थे।

इसके बाद तहसीली से दुकान के नामांतरण का आदेश भी जारी हो गया, लेकिन पटवारी ने कथित तौर पर इसके एवज में 5 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। कई महीनों से परेशान शरद विश्वकर्मा ने मामले की शिकायत ईओडब्ल्यू में की।

शिकायत के सत्यापन के बाद ईओडब्ल्यू ने डिकॉय कार्रवाई की योजना बनाई। गुरुवार को आवेदक द्वारा पटवारी को रिश्वत की पहली किश्त के तौर पर 2 हजार रुपये दिए गए। रकम लेते ही ईओडब्ल्यू की टीम ने मनोज बघेल को पकड़ लिया।

कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम जब्त कर ली गई। ईओडब्ल्यू की तकनीकी टीम ने भौतिक सत्यापन और कार्रवाई से जुड़े आवश्यक नमूने भी एकत्र किए हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक