home page

जबलपुर : रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए बिजली विभाग के दो अधिकारी, ईओडब्ल्यू की बड़ी कार्रवाई

 | 
जबलपुर : रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए बिजली विभाग के दो अधिकारी, ईओडब्ल्यू की बड़ी कार्रवाई


जबलपुर, 29 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में विद्युत विभाग में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता प्रह्लाद मरस्कोले और कार्यपालन यंत्री चंद्रशेखर मेहरा को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। दोनों अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, ठेकेदार अशोक कुमार द्विवेदी ने ईओडब्ल्यू से शिकायत की थी कि कटनी जिले में जूनियर इंजीनियर कार्यालय भवन के निर्माण कार्य के लगभग 10 लाख रुपये के लंबित भुगतान को जारी करने के बदले अधिकारियों द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है।

शिकायत में बताया गया कि कार्यपालन यंत्री चंद्रशेखर मेहरा ने 20 हजार रुपये और अतिरिक्त मुख्य अभियंता प्रह्लाद मरस्कोले ने 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। आरोप है कि मेहरा पहले ही 5 हजार रुपये ले चुके थे। शिकायत के सत्यापन के बाद ईओडब्ल्यू ने जाल बिछाया और सोमवार को ठेकेदार के रिश्वत की अगली किस्त लेकर पहुंचते ही दोनों अधिकारियों को 25 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

ईओडब्ल्यू ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7(ए) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। कार्रवाई के बाद विभागीय और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले में आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक