जबलपुर में ईओडब्ल्यू ने एसडीएम के स्टेनो को रिश्वत लेते पकड़ा
जबलपुर, 14 मई (हि.स.)। जबलपुर ईओडब्ल्यू टॉम ने दमोह जिले के तेंदूखेड़ा एसडीएम कार्यालय में गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एसडीएम के स्टेनो सौरभ यादव को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पर एक कॉलोनाइजर से टीएनसीपी रिपोर्ट भेजने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।
ईओडब्ल्यू के अनुसार, तेंदूखेड़ा निवासी कॉलोनाइजर संजय राय ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने कॉलोनी निर्माण के नक्शे के प्रस्ताव के लिए एसडीएम कार्यालय में स्थल निरीक्षण रिपोर्ट लगाने हेतु आवेदन दिया था। आवेदन के बावजूद फाइल में जानबूझकर देरी की जा रही थी।
शिकायतकर्ता ने जब इस संबंध में एसडीएम कार्यालय में पदस्थ स्टेनो सौरभ यादव से संपर्क किया, तो उसने काम आगे बढ़ाने के बदले 30 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। शिकायत मिलने के बाद ईओडब्ल्यू ने मामले का सत्यापन किया। कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्यों में शिकायत सही पाए जाने पर टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई।
गुरुवार को ईओडब्ल्यू की टीम ने एसडीएम पूजा सोनी के कार्यालय में दबिश दी और सौरभ यादव को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

