home page

किशनगंज डीएसपी और सहरसा डीआरडीए निदेशक के ठिकानों पर ईओयू की छापेमारी

 | 
किशनगंज डीएसपी और सहरसा डीआरडीए निदेशक के ठिकानों पर ईओयू की छापेमारी


पटना, 31 मार्च (हि.स.)। बिहार में किशनगंज जिले के डीएसपी गौतम कुमार के 6 ठिकाने सहित सहरसा के डीआरडीए निदेशक वैभव कुमार के भी छह ठिकानों पर मंगलवार सुबह से आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) की छापामारी चल रही है।

किशनगंज के डीएसपी गौतम कुमार ने अपने महिला मित्र शगूफ्ता खातून के नाम कई भूखंड खरीदे, फिर महिला मित्र ने डीएसपी के बेटों कों सभी भूखंड गिफ्ट कर दिए।

दूसरी ओर सहरसा में डीआरडीए निदेशक वैभव कुमार के सहरसा एवं मुज्जफरपुर स्थित छह ठिकानों पर छापामारी चल रही है। इन पर आय से 78 प्रतिशत से अधिक संपत्ति जमा करने का मामला आर्थिक अपराध इकाई ने दर्ज किया है।

आर्थिक अपराध इकाई को इन दोनों अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार की गुप्त सूचना मिली थी। प्राप्त सूचना के सत्यापन के बाद आर्थिक अपराध इकाई ने दोनों के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में केस दर्ज किया और निगरानी की स्पेशल कोर्ट से तलाशी का आदेश लिया। इसके बाद दोनों भ्रष्ट अधिकारियों के 12 अलग-अलग स्थानों पर तलाशी की कार्यवाई की जा रही है।

जांच में आर्थिक अपराध इकाई को किशनगंज में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के पद पर तैनात गौतम कुमार के खिलाफ आय से एक करोड़ 94 लाख नौ हजार दो सौ चवालीस रूपये अधिक सम्पति अर्जित करने के साक्ष्य मिले, जो उनके ज्ञात आय से लगभग 60.27 प्रतिशत अधिक है।

इस क्रम में आज सुबह गौतम कुमार के पटना, पूर्णिया, किशनगंज अवस्थित कुल 06 ठिकानों पर अलग-अलग टीम द्वारा तलाशी कार्यवाई शुरू की गई है। वहीं ईओयू की टीम ने वैभव कुमार, निदेशक, डीआरडीए, सहरसा के विरूद्ध कुल 2,41,14,000 (दो करोड़ एकतालीस लाख चौदह हजार) रुपये आय से अधिक सम्पति अर्जन करने का साक्ष्य पाया गया है, जो उनके ज्ञात आय से लगभग 78.03 प्रतिशत से अधिक है। इसको लेकर वैभव कुमार के सहरसा एवं मुजफ्फरपुर अवस्थित कुल 06 ठिकानों पर अलग-अलग टीमें छापेमारी कर रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी