home page

ईओ विमल कुमार हत्या में पत्नी का बड़ा खुलासा, विधायक पर लगाए गंभीर आरोप

 | 

रोहतास, 02 अगस्त (हि.स.)।

कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की मौत के मामले में उनकी पत्नी ने बड़ा बयान दिया है। वायरल वीडियो में उन्होंने डेहरी से एलजी पी(आर) विधायक सोनू सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जबकि विधायक ने फोन पर बताया कि साजिश के तहत मृतक के पत्नी दुर्भावना से ग्रसित होकर यह आरोप लगा रही है।

पत्नी ने कहा कि विधायक सोनू सिंह रोज फोन करके उनके पति को बुलाते थे और परेशान करते थे। आरोप है कि उनसे 50 लाख और 25 लाख रुपये की मांग की गई थी । मौत के कारण पर भी उन्होंने सवाल उठाए। पत्नी का दावा है कि ड्राइवर मिथिलेश ने बताया था कि साहब को अपाची वाले ने मारा और स्कॉर्पियो से धक्का देकर फेंक दिया।

पत्नी ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि इस पूरे मामले में शामिल सभी लोगों का नार्को टेस्ट कराया जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके।

विधायक राजीव रंजन उर्फ सोनू सिंह ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मृतक विमल कुमार की पत्नी किसी के कहने में आकर एक साजिश के तहत दुर्भावना से ग्रसित होकर गलत आरोप लगा रही है। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में मैं उनके परिवार के साथ खड़ा हूं ।पुलिस ने इस हत्याकांड में ड्राइवर को साक्ष्यों के आधार पर दोषी मानते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra