अनूपपुर: गांजा न बेचने से नाराज मां और बेटे ने पीटकर कर दी थी हत्या, भेजे गए जेल
अनूपपुर, 30 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा थाना क्षेत्र के बदरा श्रमिक नगर में 28 मार्च को मां और बेटे द्वारा मिलकर 34 वर्षीय युवक मनोज साहू की हत्या के मामले में सोमवार को पुलिस ने दोनों आरोपी मां-बेटे को गिरफ्तार किया है। जहां आरोपियों से हत्या के कारणों की पूछताछ करते हुए खुलासा भी किया है। वही दोनों आरोपी मां बेटे को पुलिस ने न्यायालय पेश कर जेल भेजा है।
थाना प्रभारी रत्नांबर शुक्ला ने बताया कि 28 मार्च को डायल 112 में रमेश साहू द्वारा सूचना दी गई कि मेरे भाई मनोज साहू को मारपीट कर हत्या कर दी गई है। सूचना पर पुलिस बल के साथ ग्राम पकरिहा श्रमिक नगर पहुंचकर घटना की जानकारी ली गई। जिसमें सूचनाकर्ता रमेश साहू ने बताया कि शिवराम चौधरी मेरे भाई मनोज साहू उर्फ छोटे को डंडे से मार रहा था। शिवराम के साथ उसकी मां रैमुन बाई भी थी। वह भी मेरे भाई मनोज को हाथ मुक्के व डंडे से मार रही थी। मारपीट से मेरा भाई मनोज गिरकर बेहोश हो गया और बाद में मनोज की मृत्यु हो गई।
विवेचना में रैमुन बाई पति रमई चौधरी निवासी श्रमिक नगर पकरिहा को कोतमा पुलिस द्वारा ग्राम पकरिहा से गिरफ्तार किया। वहीं पुत्र आरोपी शिवराम चौधरी को भी चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों से पूछताछ में यह बात सामने आई कि मनोज चौधरी का पड़ोसी रैमुन बाई के यहां आना जाना था। उसके बेटे शिवराम चौधरी से उसकी दोस्ती थी। जिसके कारण शिवराम चौधरी और मनोज साहू गांजा और शराब का साथ सेवन करते थे। महिला रैमुन बाई और पुत्र शिवराम चौधरी गांजे बेचने का कारोबार करते थे। जिसमें महिला मनोज साहू से भी बेचने के लिए दवाब बना रही थी। लेकिन मनोज साहू ने गांजा बेचने से इनकार कर दिया था। जिससे नाराज होकर महिला और पुत्र दोनों ने मिलकर मनोज साहू की पीटकर हत्या कर दी थी। आरोपी शिवराम के कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा भी जब्त किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

