एक करोड़ की रंगदारी मांगने वाला सरकारी इंजीनियर गिरफ्तार, भाकपा माले का एरिया कमांडर बन भेजा था धमकी भरा पत्र
सीवान, 13 नवंबर (हि.स.)। भाकपा (माले) का एरिया कमांडर बनकर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने वाला कोई बाहरी अपराधी नहीं, बल्कि ग्रामीण कार्य विभाग का ही एक सरकारी अभियंता निकला।
पुलिस ने इस मामले में विभाग में पदस्थापित सहायक अभियंता रफीक आलम को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार अभियुक्त कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र के सराय फकड़ा बढ़ का निवासी है। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक भारत सोनी द्वारा दी गई है।
एसपी भारत सोनी के अनुसार, ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल सीवान-1 के कार्यपालक अभियंता राजेश कुमार चौधरी को 10 नवंबर को डाक के माध्यम से एक धमकी भरा पत्र मिला था। पत्र में प्रेषक के रूप में मुजफ्फरपुर जिले के बोचहां प्रखंड के उनसर गांव निवासी लोहा सिंह का नाम और पता अंकित था। पत्र भेजने वाले ने खुद को भाकपा (माले) के तिरहुत प्रक्षेत्र का एरिया कमांडर बताते हुए कार्यपालक अभियंता से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।
इस संबंध में कार्यपालक अभियंता ने नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने कांड संख्या 1065/26 दर्ज कर मामले का अनुसंधान शुरू किया। तकनीकी अनुसंधान और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर मामले में रफीक आलम की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त वर्तमान में सहायक अभियंता, सदर-1, सीवान के पद पर पदस्थापित है।
एसपी के मुताबिक, अनुसंधान में यह बात सामने आई है कि रफीक आलम ने ही खुद को भाकपा (माले) का एरिया कमांडर बताकर कार्यपालक अभियंता को पत्र भेजा था और एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी।
इस कार्रवाई में नगर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक उमेश पासवान, नगर थाना के अन्य पुलिसकर्मी और जिला आसूचना इकाई, सीवान की टीम शामिल रही।
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

