home page

घरों में चोरी करने वाले घायल समेत दो बदमाश गिरफ्तार

 | 
घरों में चोरी करने वाले घायल समेत दो बदमाश गिरफ्तार


नोएडा, 07 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के नोयडा में थाना दादरी पुलिस ने शुक्रवार की मध्य रात्रि को एक पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली एक बदमाश के पैर में लगने से वह घायल हो गया। जबकि इनके दो साथी मौके से भाग निकले । इन बदमाशों ने एनसीआर के विभिन्न जगहों पर रहने वाले लोगों के घरों से चोरी करने की बात स्वीकार की है। इनके पास से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार, सोने- चांदी के जेवरात तथा 6 हजार रुपए नगद बरामद किया है।

पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि थाना दादरी पुलिस शुक्रवार की मध्य रात्रि को बैरियर लगाकर बदमाशों की तलाश में चेकिंग कर रही थी, तभी एक कार पर सवार होकर कुछ लोग आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तभी वे तेजी से वाहन चलाकर भागने लगे। पुलिस ने बदमाशों का पीछा करके उन्हें घेर लिया। अपने आपको पुलिस से घिरा हुआ देख बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई तथा कार से उतरकर भागने लगे।

जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली अजय (27) पुत्र राजेंद्र के पैर में लगी है। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उन्होंने बताया कि मौके से भागे एक बदमाश समीर पुत्र मुस्तकीम को पुलिस ने पीछा करके पकड़ लिया। इसकी उम्र 19 वर्ष है। जबकि दो अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। उनकी तलाश की जा रही है। पकड़े गए बदमाशों के पास दो देसी तमंचा, कारतूस, चाकू ,घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार, सोने -चांदी के जेवरात और 6 हजार रुपए नगद बरामद हुआ है। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार बदमाशों ने नोएडा, ग्रेटर नोएडा के विभिन्न सेक्टर में रहने वाले दर्जन भर घरों से चोरी करने की बात स्वीकार की है। घायल बदमाश अजय के खिलाफ पूर्व में 20 मुकदमे दर्ज है, जबकि समीर के खिलाफ पांच मुकदमे दर्ज हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी