नाबालिग का अपहरण कर दुष्कर्म के प्रयास के दो आरोपित मुठभेड़ में गिरफ्तार, दो सिपाही भी घायल
बांदा, 26 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में थाना कोतवाली नगर, थाना मरका और एसओजी की संयुक्त पुलिस टीम ने रविवार को नाबालिग बालिका का अपहरण कर दुष्कर्म का प्रयास करने वाले दो आरोपिताें को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। एक आरोपित के पैर में गोली लगी, जबकि दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत सामान्य है। पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस और घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा बरामद किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि 24 जुलाई की शाम थाना मरका क्षेत्र की एक नाबालिग बालिका घर से नाराज होकर अपने ननिहाल नरैनी (फतेहपुर) जाने के लिए निकली थी। देर रात वह बांदा पहुंची और नरैनी जाने के लिए एक ई-रिक्शा में बैठी। आरोप है कि ई-रिक्शा चालक नरेश कुमार ने अपने साथी एजाज को बुलाकर बालिका का अपहरण किया और उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। घटना के बाद दोनों आरोपित मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पीड़ित को सकुशल बरामद किया और उसका मेडिकल परीक्षण कराया। जांच के दौरान पता चला कि बालिका के संबंध में थाना मरका में पहले से गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज था। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने आरोपिताें गिरफ्तारी के लिए थाना कोतवाली नगर, थाना मरका, एसओजी और सर्विलांस टीमों का गठन किया।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और ई-रिक्शा के सत्यापन के आधार पर दोनों आरोपिताें की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी। रविवार को सूचना मिली कि दोनों आरोपित गंछा रोड पर मौजूद हैं। संयुक्त पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। खुद को घिरा देख आरोपिताें ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की गई जवाबी कार्रवाई में एजाज के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, दूसरे आरोपित नरेश कुमार को भी दबोच लिया गया। मुठभेड़ के दौरान कांस्टेबल मो. युनुस और इन्द्रपाल सिंह भी घायल हो गए। दोनों का अस्पताल में उपचार चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर है। घायल आरोपित एजाज पूर्व में भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है।
पुलिस ने दाेनाें के खिलाफ थाना कोतवाली नगर में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
----------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

