home page

वाराणसी: बदमाशों से मुठभेड़ में एसओजी प्रभारी घायल, चांदी लूटकांड के दो आरोपितों को पैर में लगी गोली

 | 
वाराणसी: बदमाशों से मुठभेड़ में एसओजी प्रभारी घायल, चांदी लूटकांड के दो आरोपितों को पैर में लगी गोली


वाराणसी,04 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में लंका थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात लौटूबीर मंदिर के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) के प्रभारी गोली लगने से घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश भी पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें चौक थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया। घायलों को उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि चौक थाना पुलिस और एसओजी को सूचना मिली कि 16 जुलाई को चौक क्षेत्र में हुई चांदी लूटकांड में शामिल दो आरोपित लंका थाना क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरता देख दोनों आरोपित लौटूबीर मंदिर की ओर भागने लगे। पीछा किए जाने पर वे कार से उतर गए और पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान एसओजी प्रभारी के दाहिने हाथ में गोली लग गई, जबकि दोनों आरोपितों के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने दोनों को मौके से दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मध्य प्रदेश के होशंगाबाद (वर्तमान नर्मदापुरम) जिले के पिपरिया निवासी साबिर और माशाल्लाह के रूप में हुई है।

एसीपी ने बताया कि पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से करीब चार किलोग्राम चांदी और नकदी बरामद की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपित 16 जुलाई को चौक थाना क्षेत्र में हुई करीब 27 लाख रुपये मूल्य की चांदी लूट की वारदात में भी शामिल हैं। आरोपितों ने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर एक स्वर्ण व्यवसायी के कर्मचारी से गोविंदपुरा मोड़ के पास चांदी लूट ली थी।

एसीपी ने बताया कि दोनों आरोपित फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं। उपचार के बाद उनसे विस्तृत पूछताछ की जाएगी और उनके विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। ----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी